साहिबगंज : साहिबगंज जिले के व्यापारियों के लिए एक काम की खबर है. ईस्टर्न झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को बताया कि जिले के व्यापारियों की सुविधा के लिए आगामी 13 जुलाई को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की मुख्य शाखा, साहिबगंज में विशेष व्यवस्था की गई है. इस दिन व्यापारी बैंक से खुजरा और छोटे नोटों की किल्लत को दूर करने के लिए 2 रुपये के सिक्के और 50 रुपये के नए नोट प्राप्त कर सकते हैं.
एसबीआई शाखा प्रबंधक के साथ सकारात्मक वार्ता के बाद फैसला
चेंबर अध्यक्ष ने जानकारी दी कि व्यापारियों को बाजार में आ रही छोटे नोटों और सिक्कों की किल्लत से निजात दिलाने के लिए एसबीआई मुख्य शाखा के शाखा प्रबंधक आलोक रंजन के साथ एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बैठक की गई थी. इस वार्ता के बाद बैंक प्रबंधन ने व्यापारियों के हित में यह सराहनीय कदम उठाया है. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 13 जुलाई को सुबह 11:00 बजे से सिक्कों और 50 रुपये के नोटों का वितरण शुरू कर दिया जाएगा.
ये भी पढ़ें: श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की सेहत पर रहेगी नजर, देवघर और जसीडीह स्टेशन पर 24 घंटे तैनात रहेंगे दो डॉक्टर
पहचान-पत्र और व्यापार से जुड़ा दस्तावेज लाना अनिवार्य
बैंक से सिक्के और नोट प्राप्त करने के लिए व्यापारियों को अपने साथ कुछ जरूरी दस्तावेज लेकर आना होगा. इसके लिए व्यापारियों को अपना कोई भी एक वैध पहचान-पत्र (जैसे आधार कार्ड या अन्य सरकारी आईडी) और अपने व्यापार से संबंधित कोई एक वैध दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य किया गया है. व्यापारिक दस्तावेज के रूप में जीएसटी (GST) प्रमाणपत्र, ट्रेड लाइसेंस अथवा अन्य कोई भी वैध व्यापारिक लाइसेंस बैंक काउंटर पर प्रस्तुत किया जा सकता है.
सभी बैंक के ग्राहकों और व्यापारियों को मिलेगा लाभ
चेंबर ऑफ कॉमर्स की पहल पर की गई यह व्यवस्था बेहद खास है क्योंकि इसका लाभ केवल एसबीआई के ग्राहकों तक सीमित नहीं रहेगा. साहिबगंज की मुख्य शाखा में दी जा रही इस विशेष सुविधा का लाभ स्टेट बैंक के ग्राहकों के साथ-साथ शहर के अन्य बैंकों से जुड़े व्यापारी भी समान रूप से उठा सकते हैं. चेंबर अध्यक्ष राजेश अग्रवाल ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि यदि बैंक परिसर में सिक्के या नोट प्राप्त करने में किसी भी प्रकार की तकनीकी या व्यावहारिक समस्या आती है, तो व्यापारी तुरंत चेंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं. उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि भविष्य में जब भी बैंक के पास बड़े मूल्य के सिक्के (जैसे 5, 10 या 20 रुपये के सिक्के) उपलब्ध होंगे, तब भी उनके वितरण के लिए ऐसी ही व्यवस्था की जाएगी जिसकी सूचना समय पर दे दी जाएगी.
ये भी पढ़ें: खाद की कालाबाजारी करने वालों की खैर नहीं, डीसी ने दिया नियमित छापेमारी का निर्देश
