रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग से खेती की लागत में कमी : प्रमोद

Review of operated schemes

साहिबगंज.

साहिबगंज के आत्मा सभागार में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का की अध्यक्षता में कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई. बैठक में “धरती माता बचाओ अभियान” पर विशेष चर्चा करते हुए किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग के प्रति जागरूक करने का निर्देश दिया गया, जिससे खेती की लागत कम हो और उत्पादन बढ़े. अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक निगरानी समितियों के गठन के निर्देश दिए गए. खरीफ 2026 के तहत दालों में आत्मनिर्भरता योजना के अंतर्गत बीज उत्पादन के लिए किसानों, समूहों और एफपीओ के चयन तथा 33% अनुदान (अधिकतम 25 लाख रुपये) पर प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की जानकारी दी गयी. किसानों को आधार बीज और प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाएगी. एक किसान न्यूनतम एक एकड़ एवं अधिकतम पांच एकड़ में बीज उत्पादन का कार्य कर सकता है.

बैठक में विभिन्न योजनाओं जैसे खरीफ बीज वितरण, बिरसा फसल विस्तार, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण माफी, मिलेट मिशन, फसल सुरक्षा, डिजिटल क्रॉप सर्वे और किसान समृद्धि योजना की प्रगति की समीक्षा की गयी. केसीसी अभियान (20 अप्रैल–20 मई) को सफल बनाने के निर्देश दिए गए. ज्ञात हो कि मिलेट मिशन योजना अंतर्गत 3,000 रुपये प्रति एकड़ की दर से अधिकतम पांच एकड़ की खेती के लिए कुल 15,000 रुपये किसानों को प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाता है. मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन के तहत मिट्टी जांच लक्ष्य पूरा करने और जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया. ब्लॉकचेन प्रणाली में अबतक कुल 64108 कृषकों का निबंधन किया गया है. प्रति प्रखंड न्यूनतम 1000-1000 नए कृषकों का निबंधन एक माह में करने का निदेश दिया गया. चलंत सोलर इकाई वितरण कराने का निदेश दिया गया. जिला में अबतक 337 पम्प सेटों का कार्यादेश जारी किया गया है, जिसके विरुद्ध अबतक 296 पम्प सेट का अधिष्ठापन किया गया है.

बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, जिला योजना एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अरुण कुमार भोक्ता, उप परियोजना निदेशक आत्मा मन्टू कुमार एवं संबंधित प्रखंड के प्रखंड कृषि पदाधिकारी, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधकों, एफपीओ एवं कृषि विभाग के कर्मियों ने भाग लिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >