पोर्टल पर ससमय व गुणवत्तापूर्ण डाटा प्रविष्टि के दिये निर्देश
साहिबगंज
उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में शनिवार को पंचायती राज विभाग अंतर्गत संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं- ज्ञान केंद्र, पंचायत एवं पंचायत भवन सुदृढ़ीकरण, ‘मेरा गाँव मेरी धरोहर’ तथा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना- की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गयी. योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर पदाधिकारियों एवं कर्मियों को दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में सभी पंचायत सचिवों, प्रखंड समन्वयकों एवं बीएलई को पोर्टल पर डाटा एंट्री का कार्य ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया गया, ताकि योजनाओं की प्रगति का सही आकलन सुनिश्चित किया जा सके. सभी प्रखंड समन्वयकों एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारियों को साप्ताहिक रूप से अनिवार्य क्षेत्र भ्रमण करने का निर्देश दिया गया. साथ ही, प्रत्येक सप्ताह निरीक्षण प्रतिवेदन जिला कार्यालय को उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया, जिससे योजनाओं के कार्यान्वयन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनी रहे. बैठक के दौरान ‘मेरा गाँव मेरी धरोहर’ योजना पर कोमल सिंह द्वारा ऑनलाइन माध्यम से उपस्थित सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया. वहीं, प्रभारी डीपीएम अभिजीत कुमार द्वारा मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना के संदर्भ में जानकारी दी गयी तथा ससमय प्रविष्टि के महत्व पर विशेष बल दिया गया. डीडीसी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा के भीतर जमीनी स्तर तक पहुंचे, इसके लिए आपसी समन्वय एवं सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए. मौके पर डीपीआरओ अनिल कुमार सहित अन्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.