साहिबगंज. विद्युत सर्किल कार्यालय दुमका में मंगलवार को दुमका विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के महाप्रबंधक राकेश प्रसाद के नेतृत्व में समीक्षा बैठक हुई. इस दौरान अधीक्षण अभियंता कार्यालय में चल रही योजनाओं जैसे आरडीएसएस, पीएम योजनाओं तथा अन्य स्कीमों के अंतर्गत हो रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गयी. महाप्रबंधक ने कार्य कर रही एजेंसियों से प्रगति की जानकारी ली. छूटे हुए टोला, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा से पहले पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अधिक आबादी वाले ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों को चिह्नित कर कार्यों को जल्द पूरा किया जाये. साथ ही जिन गांवों और मोहल्लों में बिजली के पोल और तार जर्जर स्थिति में हैं, उन्हें भी योजना के तहत जल्द बदला जाये. महाप्रबंधक ने यह भी कहा कि सभी कार्य जल्द पूरे कर लिए जायेंंगे. बैठक में विशेष रूप से राजस्व, बिलिंग और वसूली पर भी चर्चा की गयी, उन्होंने कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों में तेजी लाने तथा प्रगति की जानकारी समय पर देने का निर्देश दिया. इसके साथ ही पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गयी.
ग्रामीण क्षेत्रों के जर्जर तार व पोल को जल्द बदलें : जीएम
महाप्रबंधक ने आरडीएसएस समेत सभी योजनाओं में तेजी लाने का दिया निर्देश

साहिबगंज (फाइल फोटो)