प्रतिनिधि, मंडरो. मिशन जीवन रक्षा के तहत करमटोला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के बीच जागरूकता अभियान चलाया गया. साहिबगंज आरपीएफ एएसआई प्रसन्नजीत दास के नेतृत्व में रेलवे पुलिस ने स्टेशन पर मौजूद यात्रियों को सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की जानकारी दी.
चलती ट्रेन पर पत्थर नहीं फेंकने की अपील
अभियान के दौरान रेलवे यात्रियों से चलती ट्रेन पर पत्थर नहीं फेंकने की अपील की गयी. यात्रियों से स्टेशन को साफ-सुथरा रखने में सहयोग करने को भी कहा गया.
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से बिना टिकट यात्रा नहीं करने की अपील की. खाने-पीने के बाद वेस्ट रैपर और पॉलीथिन को डस्टबिन में डालने के लिए भी जागरूक किया गया.
चलती ट्रेन पर चढ़ने से बचने की अपील
यात्रियों से चलती ट्रेन पर चढ़ने का प्रयास नहीं करने को कहा गया. साथ ही अपने सामान की सुरक्षा करने की अपील की गयी.
प्लेटफॉर्म जाने के लिए पैदल पुल का करें इस्तेमाल
रेलवे पुलिस ने यात्रियों से स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए पैदल पुल का इस्तेमाल करने की अपील की. स्टेशन पर लगे किसी भी उपकरण से छेड़छाड़ नहीं करने की भी जानकारी दी गयी.
अभियान के दौरान रेलवे पुलिस बल के लक्ष्मण कुमार और गुड्डू कुमार सिंह मौजूद रहे.
