राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में डोर-टू-डोर कचरा उठाव ठप

मानदेय भुगतान नहीं होने पर सफाई कर्मियों की हड़ताल, लोगों को हो रही परेशानी

राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र में पिछले दो माह से मानदेय का भुगतान नहीं होने के विरोध में आकांक्षा एंटरप्राइजेज एजेंसी के सफाई कर्मी सोमवार से हड़ताल पर चले गये. हड़ताल के कारण शहर में डोर-टू-डोर कचरा उठाव पूरी तरह प्रभावित रहा. सफाई कार्य बंद रहने से कई वार्डों में पूरे दिन कचरा नहीं उठ सका, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. जगह-जगह कचरा जमा रहने से गंदगी का माहौल बना रहा और दुर्गंध फैलने लगी. स्थानीय लोगों ने संक्रमण फैलने की आशंका भी जतायी. हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों ने बताया कि पिछले दो माह से उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. कई बार एजेंसी प्रबंधन से वेतन भुगतान की मांग की गयी, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला. इससे नाराज होकर कर्मियों ने काम बंद कर दिया. नगर पंचायत क्षेत्र में घर-घर से प्रतिदिन औसतन आठ टन कचरे का उठाव किया जाता है. सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गयी है. बताया जाता है कि एजेंसी कर्मियों के बीच वेतन भुगतान और वेतन वृद्धि को लेकर अक्सर विवाद की स्थिति बनती रहती है, जिसका खामियाजा शहरवासियों को भुगतना पड़ता है. एजेंसी के सुपरवाइजर आशीष कुमार ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय एवं आकांक्षा एंटरप्राइजेज एजेंसी के प्रबंधन को वर्तमान स्थिति से अवगत करा दिया गया है. वहीं, प्रभारी नगर प्रबंधक जितेश कुमार ने कहा कि आकांक्षा एंटरप्राइजेज के प्रबंधन को निर्देश दिया गया है कि सफाई कर्मियों के साथ वार्ता कर जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था को सुचारु रूप से बहाल किया जाये.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >