उधवा : अंचल कार्यालय उधवा की ओर से सभी मुखियाओं एवं पंचायत जनप्रतिनिधियों को वंशावली सत्यापन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया गया है. अंचलाधिकारी आशीष मंडल ने पत्र जारी कर वंशावली के सत्यापन में पूरी पारदर्शिता और सावधानी बरतने का निर्देश दिया है.
एसआईआर के दौरान मिल रहे नोटिस
निर्देश में बताया गया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य के दौरान कई मतदाताओं को स्थानीय निवास अथवा जाति प्रमाण-पत्र के साक्ष्य प्रस्तुत करने के लिए नोटिस प्राप्त हो रहे हैं. ऐसे मामलों में वंशावली सत्यापन की प्रक्रिया महत्वपूर्ण हो जाती है.
गहन छानबीन के बाद ही करें सत्यापन
अंचलाधिकारी ने पंचायत जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि वंशावली का सत्यापन गहन छानबीन के बाद ही किया जाए. गलत वंशावली के आधार पर किसी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो, इसके लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.
गलत सत्यापन से प्रमाण-पत्र जारी होने की आशंका
पत्र में कहा गया है कि यदि वंशावली का गलत तरीके से सत्यापन किया जाता है, तो उसके आधार पर गलत प्रमाण-पत्र निर्गत होने की संभावना बनी रहती है. इसलिए पंचायत जनप्रतिनिधियों को इस प्रक्रिया में जागरूक और सतर्क रहने की आवश्यकता है. वंशावली सत्यापन में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है.
नोटिस जारी होने के बाद बढ़ी प्रक्रिया
एसआईआर फार्म को लेकर नोटिस जारी होने के बाद वंशावली सत्यापन की प्रक्रिया में तेजी आई है. ऐसे में अंचल कार्यालय ने पंचायत स्तर पर सत्यापन कार्य को गंभीरता से करने और किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने का निर्देश दिया है.
