बालक की जूनियर-सीनियर श्रेणी में कक्षा 7बी के निशांत व बालिका के जूनियर-सीनियर में कक्षा 7ए की मिशेल प्रथम

सेंट जेवियर्स स्कूल ने मैराथन के साथ प्लेटिनम जुबली वर्ष का किया गया शुभारंभ, 400 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

साहिबगंज

सेंट जेवियर्स स्कूल ने बुधवार को एक रोमांचक मैराथन प्रतियोगिता के साथ अपने प्लेटिनम जुबली वर्ष की भव्य शुरुआत की. यह आयोजन विद्यालय के इस ऐतिहासिक वर्ष का पहला प्रमुख कार्यक्रम था, जिसमें लगभग 400 बालक एवं बालिका वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. सुबह 6 बजे मैराथन दौड़ दो अलग-अलग स्थानों से प्रारंभ की गयी. बालकों की मैराथन भरतिया पेट्रोल पंप, आइआइटी रोड से तथा बालिकाओं की मैराथन जिरवाबाड़ी थाना परिसर से शुरू हुई. फादर अरुल डॉस एवं राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल खिलाड़ी अखिलेश कुमार टुडू ने हरी झंडी दिखाकर प्रतिभागियों को रवाना किया. कार्यक्रम की देखरेख फादर प्रिंसिपल ने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सहयोग से की. बालक वर्ग की जूनियर-सीनियर श्रेणी में कक्षा 7बी के निशांत मरांडी ने प्रथम, कक्षा 11बी के चंद्रदेव मुर्मू ने द्वितीय तथा कक्षा 8बी के मोहम्मद फैसल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. वहीं बालिका वर्ग की जूनियर-सीनियर श्रेणी में कक्षा 7ए की मिशेल फ्रैंकलिन ने प्रथम, कक्षा 7डी की एस्थर जेनिफर मुर्मू ने द्वितीय तथा कक्षा 9बी की नैंसी किस्कू ने तृतीय स्थान हासिल किया. प्राथमिक वर्ग के छात्रों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला, जिसके लिए एक अलग श्रेणी बनायी गयी. इस श्रेणी में बालिकाओं में कक्षा 4 की आकांक्षा कुमारी प्रथम, कक्षा 3 की संगीता एक्का द्वितीय तथा कक्षा 3 की सादिका टोडी तृतीय स्थान पर रहीं. बालकों में कक्षा 4 के अमन मुर्मू ने प्रथम, कक्षा 5 के मेघानंद उरांव ने द्वितीय तथा कक्षा 4 के जोएल हांसदा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. इसी क्रम में विद्यालय के खेल मैदान में 59वें वार्षिक खेलकूद उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों ने भाग लिया. समारोह के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्तर के बास्केटबॉल चैंपियन अखिलेश कुमार टुडू रहे, जिन्होंने औपचारिक रूप से खेल दिवस का उद्घाटन किया. इस अवसर पर टुडू एवं उनके पिता को फादर रेक्टर, फादर प्रिंसिपल तथा सीनियर वाइस-प्रिंसिपल द्वारा सम्मानित किया गया. अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया. समारोह के दौरान विद्यालय का 69वां स्थापना दिवस भी मनाया गया, जिसमें दो विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किये. कार्यक्रम का समापन विद्यालय के एंथम के सामूहिक गायन के साथ हुआ. इस अवसर पर फादर अरुल डॉस, वी.एम. जोस, फादर स्टैनी, बीआर रोशन, कुणाल पाठक, बेन जॉनसन, राजेश चौधरी, प्रणव शंकर, सुबोध शर्मा, अनुराग, पुण्य गौरव एवं श्यामल परामर सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >