आगामी सोमवार को आश्विन शुक्ल प्रतिपदा के पावन अवसर पर शारदीय नवरात्र का शुभारंभ कलश स्थापना के साथ होगा. नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में नवरात्र की तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं. विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक पूजा स्थलों में सुबह से ही वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश स्थापना की जाएगी. साहिबगंज शहर के प्रमुख पूजा स्थलों चौक बाजार, दहला, कुलीपाड़ा, बंगाली टोला, रेलवे जेनरल इंस्टीच्यूट, झरना कॉलोनी, गोडावरी हटिया, नाच घर, सुभाष कॉलोनी, पुलिस लाइन, साक्षरता मोड़ क्वाटरगंज तथा पुरानी साहिबगंज में मां दुर्गा की सार्वजनिक पूजा का भव्य आयोजन किया जा रहा है. इन स्थलों पर भव्य पंडाल सजाए जा रहे हैं और भक्तों की सुविधा हेतु विभिन्न व्यवस्थाएं की गयी हैं. नगर के समीपवर्ती क्षेत्र महादेवगंज में भी दुर्गा पूजा का आयोजन बड़े धूमधाम से किया जाता है. पूजा समिति के मनोज यादव ने जानकारी दिया कि कलश स्थापना से पूर्व क्षेत्र में कलश शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होंगे. शोभायात्रा के दौरान भक्त गण पवित्र जल से भरे कलश सिर पर धारण कर विधिपूर्वक मंदिर में स्थापित करेंगे. नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जाएगी. भक्तजन नौ दिनों तक उपवास रखकर माता रानी की आराधना करेंगे. इस दौरान पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय रहेगा. मंदिरों और पूजा पंडालों में या देवी सर्वभूतेषु शक्ति-रूपेण संस्थिता, नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः जैसे पावन मंत्र, जो जन-जन में आस्था और ऊर्जा का संचार करेंगे. नगरवासियों में नवरात्र को लेकर विशेष उल्लास देखा जा रहा है. माता रानी की भक्ति से सराबोर वातावरण में नगर नवरात्र के स्वागत के लिए पूर्ण रूप से तैयार है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.