अवैध नशीले पदार्थ और लॉटरी कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस की चुनौती

इलाकों में सघन छापेमारी की गयी.

साहिबगंज

जिले में अवैध नशीले पदार्थ और लॉटरी के कारोबार पर अंकुश लगाना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है. एक ओर पुलिस लगातार छापेमारी कर लॉटरी कारोबारियों को जेल भेज रही है, वहीं नशीले पदार्थ बेचने वालों की पहचान और गिरफ्तारी में अपेक्षित सफलता नहीं मिल पा रही है. स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ब्राउन शुगर जैसे जहरीले नशीले पदार्थ का कारोबार खासकर युवाओं के बीच तेजी से फैल रहा है. अचानक मोटी कमाई होने के कारण कई युवक इस अवैध धंधे में शामिल हो गये हैं. चर्चा है कि इसी अवैध कमाई से कुछ युवकों ने महंगी बाइक खरीदी है, जबकि अवैध लॉटरी के पैसे से स्कूटी खरीदी जा रही है. पुलिस ने हाल के दिनों में शहर के कई इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया. जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के अंजुमन नगर, पठानिया टोला सहित आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी की गयी. लेकिन नशीला पदार्थ बेचने वाले कारोबारी पुलिस के हाथ नहीं लग सके. अवैध नशीले पदार्थ की बढ़ती पहुंच और लॉटरी कारोबारियों की लगातार सक्रियता पुलिस के लिए चिंता का विषय बनी हुई है. प्रशासन ने कहा है कि इस पर कड़ी नजर रखी जा रही है और आगामी दिनों में और भी सघन अभियान चलाए जाएंगे.

क्या कहते हैं डीएसपी

पुलिस लगातार अवैध कारोबारियों पर कार्रवाई कर रही है. इसके बावजूद कुछ लोग चोरी-छिपे लॉटरी और नशीले पदार्थों का कारोबार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे तत्वों की पहचान के लिए गुप्तचर तंत्र का सहारा लिया जा रहा है और बहुत जल्द सभी आरोपियों की पहचान कर उन्हें सार्वजनिक करते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विजय कुमार कुशवाहा, डीएसपी

साहिबगंज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >