आसमानी बिजली की चपेट में आने से दो महिलाएं अचेत, डेढ़ दर्जन बकरियों की मौत
राजमहल थाना क्षेत्र के गंगा जलिया बहियार में हुई घटना
राजमहल/मंगलहाट
राजमहल थाना क्षेत्र के पत्थरचट्टा गांव से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित गंगा जलिया बहियार में बुधवार दोपहर को आसमानी बिजली गिरने से दो महिलाएं मूर्छित हो गयीं, जबकि करीब डेढ़ दर्जन बकरियों की मौके पर ही मौत हो गयीं. प्राप्त जानकारी के अनुसार कन्हैयास्थान गांव निवासी तिलो देवी (50) और मुन्नी देवी (52) रोज की तरह अपनी बकरियों को चराने के लिए गंगा जलिया बहियार गयी थीं. दोपहर में अचानक तेज बारिश और बादल की गड़गड़ाहट के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से दोनों महिला घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़ीं. खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी. परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां समाचार लिखे जाने तक उनका इलाज चल रहा था. घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है