कार पोल से टकरायी, पांच घायल, दो की हालत गंभीर

शीशा तोड़ कर सभी घायलों को बाहर निकाला

बोरियो/ साहिबगंज

बोरियो थाना क्षेत्र अंतर्गत बोरियो-साहिबगंज मुख्य सड़क के तेतरिया गांव के पास रविवार को भीषण सड़क हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें दो की स्थिति नाजुक बतायी जा रही है. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार (जेएच18जी 6565) तेज रफ्तार से साहिबगंज जा रही थी. इसी दौरान तेतरिया के पास सड़क किनारे लगे पोल से जोरदार टक्कर हो गयी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गये. सड़क किनारे पहाड़ी नदी के पास पलट गयी. पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया.

स्थानीय लोगों ने वाहन का शीशा तोड़ कर सभी घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेजा. वाहन में सवार पांच युवक घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर है. डॉ मुकेश ने बताया कि सकरूगढ़ निवासी 22 वर्षीय आदित्य कुमार को हल्की चोट लगी थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी. वहीं मजहर टोला निवासी राजेंद्र चौधरी के पुत्र करण चौधरी के सिर में गंभीर चोट है. बाटा रोड निवासी अभिनव गुप्ता को सिर और हाथ में चोट लगी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया. सकरूगढ़ निवासी आदित्य राय और प्रियांशु मिश्रा को भी चोट लगी है, जिनका इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गयी.

रेफर के बाद एंबुलेंस के लिए परिजन रहे परेशान

हादसे में घायल करण और अभिनव को डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया. पर रेफर के बाद करीब डेढ़ घंटे तक परिजन एंबुलेंस के लिए परेशान रहे. बताया गया कि 112 एंबुलेंस की बैटरी खराब थी, दूसरी में एसी काम नहीं कर रहा था और एक एंबुलेंस पंचर थी. इससे नाराज परिजनों और रिश्तेदारों ने अस्पताल में हंगामा किया. बाद में करीब डेढ़ घंटे बाद सदर अस्पताल की ओर से कार्डिएक एंबुलेंस उपलब्ध करायी गयी. इसके बाद दोनों घायलों को हायर सेंटर भेजा गया. हंगामे की सूचना पर जिरवाबाड़ी और बोरियो पुलिस अस्पताल पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद भीड़ छंट गयी. एहतियात के तौर पर सदर अस्पताल में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >