ई-विद्यावाहिनी रिपोर्ट में छात्र उपस्थिति बढ़ी, शिक्षकों की उपस्थिति घटी
साहिबगंज
साहिबगंज के समाहरणालय में डीइओ डॉ. दुर्गानन्द झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में शिक्षकों द्वारा ई-विद्यावाहिनी के माध्यम से दर्ज उपस्थिति की समीक्षा की गयी. छात्र उपस्थिति में वृद्धि दर्ज हुई जबकि शिक्षक उपस्थिति में कमी पाई गयी. इस पर डीईओ ने नाराजगी जताते हुए सभी प्रखंड साधन सेवियों को 100 प्रतिशत शिक्षक उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उपस्थिति दर्ज करने में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गयी. बैठक में बच्चों के आपार आईडी बनाने का कार्य अगले एक माह में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया. जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष ने शैक्षिक प्रदर्शन समीक्षा रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि जिले की रैंकिंग 24 से बढ़कर 21 हुई है. सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया. बैठक में अन्य शैक्षिक कार्यक्रमों और संसाधनों की भी समीक्षा की गयी. इस समीक्षा बैठक में जिला परियोजना कार्यालय के सभी पदाधिकारी/कर्मी के साथ-साथ अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी लक्ष्मण यादव, क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी उर्मिला हांसदा, सभी प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं सभी प्रखंडो के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड एमआईएस, प्रखंड साधन सेवी एवं संकुल साधन सेवी सम्मिलित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.