गंगा घाटों पर पौधरोपण व सांस्कृतिक गतिविधियों के जरिये लोगों को जोड़ें : डीसी

नमामि गंगे परियोजना कार्यों की समीक्षा बैठक में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा

साहिबगंज

समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में बुधवार को डीसी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में नमामि गंगे परियोजना अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में गंगा संरक्षण, स्वच्छता, जन-जागरूकता अभियान तथा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गयी. डीसी ने गंगा नदी में अपशिष्ट एवं नालों के प्रत्यक्ष प्रवाह को रोकने के लिए चल रहे कार्यों की जानकारी लेते हुए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में साहिबगंज और राजमहल क्षेत्र में प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गयी तथा आवश्यक विभागीय प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया गया. गंगा घाटों पर स्वच्छता, जन-जागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रमों के आयोजन पर भी चर्चा हुई. डीसी ने एनएसएस, एनसीसी, स्काउट गाइड एवं स्वयंसेवी समूहों की भागीदारी बढ़ाकर गंगा स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया. इसके अलावा गंगा घाटों पर वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जोड़ने पर बल दिया गया. सूचना, शिक्षा एवं संचार गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जन-जागरूकता कार्यक्रमों को नियमित रूप से संचालित करने का निर्देश दिया गया. बैठक में घाटों के सौंदर्यीकरण, लाइटिंग व्यवस्था एवं जनसुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर भी विचार-विमर्श हुआ. डीसी ने कहा कि गंगा नदी आस्था के साथ-साथ पर्यावरण एवं जनजीवन की महत्वपूर्ण धरोहर है, जिसके संरक्षण के लिए सभी विभागों को समन्वित प्रयास करने होंगे. साथ ही उन्होंने जल्द गंगा घाटों का विस्तृत निरीक्षण करने की बात कही. बैठक में एसपी अमित कुमार सिंह, डीएफओ प्रबल गर्ग, डीडीसी सतीश चन्द्रा, जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद साहिबगंज अभिषेक सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी नगर पंचायत राजमहल, डीपीओ नमामि गंगे सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी जिला गंगा समिति के सदस्यगण, बोदी सिन्हा, डॉ रंजीत सिंह, धर्मेंद्र कुमार व अन्य उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >