जिले में धूमधाम से हुई मां कालरात्रि की आराधना, खोले गये मंदिरों के पट

दर्शन-पूजन के लिए पंडालों में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़, श्रद्धालुओं ने की सुख-शांति की कामना

साहिबगंज.

जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चैती दुर्गा पूजा पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनायी जा रही है. बुधवार को विभिन्न पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. नवरात्रि के सातवें दिन मां दुर्गा के सातवें स्वरूप मां कालरात्रि के पूजन और दर्शन के लिए पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी. वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पुरोहितों ने विधिवत पूजा-अर्चना करायी. वेदी निर्माण के पश्चात मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा की गयी और सप्तमी के अवसर पर मां कालरात्रि की विशेष पूजा संपन्न हुई. इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पूजा कर सुख-शांति की कामना की. इसी क्रम में गंगा तट पर स्नान के बाद ओम जायसवाल के नेतृत्व में चैती दुर्गा मंदिर से वारी यात्रा निकाली गयी. नवपत्रिका रूपी नवदुर्गा की पारंपरिक विधि से स्थापना की गयी, जिसमें केले के पेड़ के साथ कच्चे पत्ते, आम, अनार, अशोक तथा अन्य पवित्र वनस्पतियों को बांधकर वस्त्र पहनाया गया और कलश के साथ गंगा तट ले जाया गया. वहां विधिपूर्वक स्नान, पूजन, पाठ और आरती के बाद कलश में जल भरकर नवपत्रिका को पुनः मंदिर लाया गया. मंदिर पहुंचने पर पुरोहित ने नवपत्रिका रूपी नवदुर्गा का स्वागत कर उसे भगवान गणेश के समीप स्थापित किया. शहर के रसूलपुर दहला चैती दुर्गा मंदिर, जिरवावाड़ी तुरी टोला चैती दुर्गा मंदिर, भारतीय कला मंदिर सकरुगढ़ चैती दुर्गा मंदिर, चौक बाजार दुर्गा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं, भक्तों ने मां दुर्गा का पूजन किया. पुरोहित ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मां दुर्गा की प्रतिमा पूजा करायी. इधर, पट खुलते ही विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा के लिए जुट गयी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >