प्रतिनिधि बरहेट.सावन की अंतिम सोमवारी पर साहिबगंज जिले के बरहेट स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा गाजेश्वरनाथ धाम, शिवगादी में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरा मंदिर परिसर और आसपास का क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान हो उठा. राजमहल और फरक्का गंगा नदी से पवित्र जल लेकर पहुंचे कांवरियों और आम श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा. सोमवार को अहले सुबह तीन बजे से श्रद्धालुओं के जलार्पण और पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू होगा. चौथे सोमवारी पर भी हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा गाजेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग पर जलार्पण कर सुख-समृद्धि की कामना की.
भक्ति गीतों पर झूमते नजर आये शिवभक्त
शिवगादी मेला परिसर में जगह-जगह बज रहे बोल बम के भजनों और पारंपरिक कांवर गीतों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया. लाउडस्पीकरों पर जैसे ही ‘ए गणेश के पापा...’ और ‘बोल बम का नारा है, बाबा एक सहारा है...’ जैसे भक्ति गीत गूंजे, श्रद्धालु झूम उठे.
राजमहल और फरक्का गंगा से पैदल लंबी दूरी तय कर पहुंचे थके-हारे कांवरियों के कदम भी भक्ति गीतों की धुन पर थिरकते नजर आये. गीत-संगीत और बाबा के जयकारों के बीच कांवरियों ने अपनी थकान भूलकर जमकर उत्साह दिखाया. इससे पूरा शिवगादी धाम उत्सव के रंग में रंगा नजर आया.
कतार में बढ़ते कदम, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. पहाड़ी गुफा में स्थित बाबा के प्राकृतिक शिवलिंग तक पहुंचने के लिए पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग बैरिकेडिंग की गयी है. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा रहा है.
पेयजल से लेकर चिकित्सा तक की व्यवस्था
शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल व दंडाधिकारियों की तैनाती की गयी है. शिवगादी प्रबंध समिति और जिला प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने में जुटा है. अंतिम सोमवारी को लेकर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की ओर से लगातार निगरानी रखी जा रही है.
