उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. बैठक में विद्यालयों में शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति, परीक्षा परिणाम, अपार आईडी जनरेशन, नामांकन, पाठ्यपुस्तक वितरण, स्कूल बैग वितरण सहित विभिन्न शैक्षिक बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गयी. बैठक में बताया गया कि जिले में बायोमैट्रिक शिक्षक उपस्थिति 84.27 प्रतिशत है, जबकि लगभग 15 प्रतिशत विद्यालयों में बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं हो रही है. इस पर उपायुक्त ने सभी सीआरपी को एक माह के भीतर संबंधित विद्यालयों का भौतिक सत्यापन कर विस्तृत रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. साथ ही जिन विद्यालयों में नेटवर्क उपलब्ध होने के बावजूद शिक्षक उपस्थिति दर्ज नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने को कहा गया. छात्र उपस्थिति की समीक्षा में तालझारी प्रखंड की स्थिति संतोषजनक नहीं पायी गयी, जिस पर सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए गए. मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों के सीबीएसई कक्षा 10वीं विज्ञान संकाय के परीक्षा परिणामों की समीक्षा के दौरान अपेक्षाकृत कम प्रदर्शन पर चिंता व्यक्त की गयी और कारणों की विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गयी. साथ ही इन विद्यालयों में अतिरिक्त घंटी आधारित शिक्षकों की नियुक्ति के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया. बीआरपी एवं सीआरपी द्वारा विद्यालय भ्रमण, पाठ्यपुस्तक और स्कूल बैग वितरण की प्रगति की भी समीक्षा की गयी. अपार आईडी जनरेशन में बोरियो, मंडरो, पतना और तालझारी प्रखंडों की प्रगति असंतोषजनक पाए जाने पर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु अभियान चलाने के निर्देश दिए गए. कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में नामांकन की समीक्षा करते हुए मंडरो एवं उधवा में कम नामांकन पर चिंता जतायी गयी और शीघ्र शत प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया. दूरस्थ विद्यालयों में पेयजल समस्या को देखते हुए सोलर आधारित जलमीनार और डीप बोरिंग के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए. बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गानंद झा, जिला शिक्षा अधीक्षक कुमार हर्ष, सभी बीआरपी, सीआरपी तथा शिक्षा विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.