नॉर्थ कॉलोनी में चला रेलवे का बुलडोजर, हटायी गयीं झोपड़ियां
साहिबगंज
मालदा रेल मंडल के तहत साहिबगंज में शनिवार को रेलवे प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नॉर्थ कॉलोनी में वर्षों से बसी अवैध झुग्गी-झोपड़ियों को बुलडोजर से हटा दिया. अभियान मंडल प्रबंधक मनीष गुप्ता के निर्देश पर चलाया गया. सूत्रों के अनुसार, रेलवे भूमि पर लंबे समय से कई झुग्गी-झोपड़ियां बनी थीं. इनमें से कुछ पर रेलवे कर्मचारियों ने भी अवैध कब्जा कर रखा था, जबकि कई गरीब परिवार खाली पड़ी रेलवे जमीन पर अस्थायी रूप से रह रहे थे. पहले भी झुग्गियों को हटाने की कोशिश की गयी थी, परंतु कुछ ही समय बाद लोग फिर से बस गये थे. हाल में डीआरएम के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की नजर नॉर्थ कॉलोनी क्षेत्र में हुए अतिक्रमण पर पड़ा तो खाली कराने का निर्देश दिया. शनिवार को कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता वेदव्यास शरण, आइओडब्ल्यू और आरपीएफ निरीक्षक गुलाम सरवर के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र को घेरकर अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की. मौके पर भारी संख्या में रेलवे कर्मचारी और पुलिस बल तैनात थे. ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो. सहायक अभियंता वेदव्यास शरण ने बताया कि डीआरएम के निर्देश पर रेलवे क्षेत्र से सभी अवैध कब्जों को हटाया गया है. उन्होंने कहा कि जल्द ही उन लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जायेगी जिन्होंने रेलवे क्वार्टरों पर कब्जा कर रखा है. आवश्यकता पड़ी तो कानूनी कदम भी उठाये जायेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.