गैस की कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई, डीएसओ ने दी चेतावनी

जिले में पर्याप्त गैस उपलब्ध, अफवाह फैलाने वालों पर प्रशासन की नजर

साहिबगंज

जिले में गैस की कालाबाजारी की किसी भी सूचना पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. यह बात डीएसओ झुन्नू कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को समाहरणालय के सभागार में जिले भर के 12 गैस संचालकों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक में कही. श्री मिश्रा ने कहा कि गैस आवश्यक अधिनियम के तहत आती है और इसमें गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए. जिले में पर्याप्त मात्रा में गैस उपलब्ध है और किसी भी तरह की अफवाह न उड़ायी जाये. उन्होंने कहा कि प्रशासन पैनिक की स्थिति पर नजर रखे हुए है और उड़नदस्ता टीम लगातार निगरानी कर रही है. बैठक में कई संचालकों ने बताया कि पिछले चार-पांच दिन से गैस की गाड़ियां 360 सिलेंडर लेकर नहीं आ रही हैं, जिसके कारण गैस स्टॉक में कमी के चलते वितरण प्रभावित हो रहा है. डीएसओ ने कहा कि शुक्रवार देर शाम स्वास्तिक गैस एजेंसी के पास गैस की एक गाड़ी आयी है, जिसे वितरण किया जाएगा. श्री मिश्रा ने सभी संचालकों को निर्देश दिया कि इंडेन गैस पोर्टल में सुधार कार्य जारी है, जिससे मिस्ड कॉल सेवा सही तरीके से काम करे. उन्होंने कहा कि गैस की खपत 80 प्रतिशत होने पर तुरंत नयी आपूर्ति लगायी जाए ताकि दो दिनों के भीतर गैस गाड़ियां उपलब्ध हो सकें. पहले बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं को गैस दी जाए और गौदाम में भीड़ न लगे, साथ ही कालाबाजारी को रोकने के लिए बाहर से भी निगरानी रखी जाये. इस अवसर पर डीएसइ कुमार हर्ष, संचालक विष्णु देव सिंह, अंकुर कुमार सिन्हा सहित कई अन्य गैस संचालक उपस्थित थे.

साहिबगंज जिले के कई स्कूल में नहीं मिल रहा है गैस

साहिबगंज

साहिबगंज जिले के कई स्कूलों में एलपीजी गैस नहीं मिल रहा है. डीएसइ कुमार हर्ष ने बताया कि डीएसओ को जानकारी दी गयी है. कई स्कूल के संचालक व प्राचार्य ने जानकारी दी है कि नंबर गैस का नहीं लग रहा है, जिसके कारण दिक्कत हो रही है. नंबर लगते ही गैस मिलना शुरू होगा. गैस की कमी नहीं है.

शहर में गैस सिलिंडर की आपूर्ति में कमी, उपभोक्ताओं व कारोबारियों में चिंता

संवाददाता, साहिबगंज

शहर में इन दिनों कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की आपूर्ति फिलहाल बंद होने से गैस संकट गहराने लगा है. वहीं, घरेलू गैस सिलिंडर की नियमित आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं को भी परेशानी हो रही है. कॉमर्शियल गैस सिलिंडर की सप्लाई बंद होने के कारण होटल, रेस्टोरेंट और अस्पताल प्रभावित हो रहे हैं. ऐसे कारोबारों पर निर्भर रहने वाले व्यवसायियों का कामकाज प्रभावित होने का खतरा उत्पन्न हो गया है. कई होटल और रेस्टोरेंट संचालकों ने स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच वैकल्पिक व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी है. व्यापारियों का कहना है कि पहले जहां नियमित रूप से कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध हो जाते थे, अब सप्लाई बंद होने से व्यवसाय, रसोई व्यवस्था और सेवा संचालन प्रभावित होने लगा है. घरेलू गैस सिलिंडर के मामले में भी स्थिति चिंताजनक है. शहर की प्रमुख तीन एजेंसियों पर पूरी आबादी की निर्भरता है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों सिलिंडर बुकिंग होती हैं. लेकिन वर्तमान में सप्लाई सीमित होने के कारण उपभोक्ताओं को सिलिंडर मिलने में देरी हो रही है. एजेंसियों से मिली जानकारी के अनुसार, गैस आपूर्ति बंद होने की अफवाह के कारण कुछ लोग सिलिंडर की जमाखोरी करने लगे हैं. इससे भी एजेंसियों में अचानक भीड़ बढ़ गयी है. इधर, डीएसओ झुन्नू कुमार मिश्रा ने कहा कि अफवाहों से बचें. गैस पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आपूर्ति धीरे-धीरे नियमित की जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >