सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील, सुरक्षा की हुई विस्तृत समीक्षा
शांति समिति की बैठक संपन्न, विश्वकर्मा पूजा एवं दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन सतर्क
साहिबगंज
आगामी विश्वकर्मा पूजा तथा दुर्गापूजा व दशहरा को सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिलास्तरीय शांति समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता डीसी सह जिला दंडाधिकारी हेमंत सती ने की. बैठक में एसपी अमित कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं पूजा समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में डीसी ने सभी पूजा समितियों से अपील की कि वे विधिसम्मत तरीके से पूजा का आयोजन करें तथा प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें. पंडालों में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार सुविधा, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था और विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करे. वहीं एसपी ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष पुलिस बल की तैनाती करने को कहा. साथ ही ड्रोन कैमरों एवं पेट्रोलिंग दलों के माध्यम से लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. वहीं क्रम में नगर परिषद एवं पंचायत प्रतिनिधियों को साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये. बैठक में डीडीसी सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अपर समाहर्ता गौतम भगत, एसडीओ अमर जॉन आईंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुनू कुमार मिश्रा, परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी समेत सभी प्रखंडों के पदाधिकारी एवं पूजा समिति सदस्य उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है