बरहरवा. थाना क्षेत्र अंतर्गत स्वामी विवेकानंद क्रीड़ांगण स्थित सत्संग मंदिर के पास रविवार को करंट लगने से कहारपाड़ा निवासी करण रमानी (21) की मौत हो गयी. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे वह शौच के लिए घर से निकला था. लौटते समय मंदिर के पीछे गुजर रहे बिजली तार के संपर्क में आ गया. करंट लगते ही वह मूर्छित होकर गिर पड़ा. उसके दोस्तों ने उसे देखा और तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरहरवा ले गये, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. परिजन संतुष्ट नहीं हुए और उसे फरक्का के निजी क्लिनिक तथा मालदा भी ले गए, लेकिन वहां भी डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मंदिर के पीछे से गुजर रहा विद्युत तार कटा है. इसी कारण हादसा हुआ. एक सप्ताह पूर्व भी इसी स्थान पर करंट लगने से गाय की मौत हो चुकी थी. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है. युवक तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था. परिवार पहले से ही दुखों से जूझ रहा है. क्योंकि एक वर्ष पूर्व उसके छोटे भाई ने आत्महत्या कर ली थी. अब इस घटना ने पूरे गांव को शोक और मातम में डूबो दिया है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल राजमहल भेज दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
