प्रतिनिधि, फरक्का: समशेरगंज थाना पुलिस ने पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा स्थित पुठिमारी इलाके में वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 9 टन सरकारी गेहूं लदा ट्रक जब्त किया है. पुलिस ने मामले में गेहूं के कथित मालिक मनिरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया है, जबकि ट्रक चालक पुलिस को देखते ही वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.
जब्त ट्रक का नंबर WB 11-4192 बताया गया है. पुलिस के अनुसार ट्रक में जन वितरण प्रणाली यानी पीडीएस के तहत राशन दुकानों में वितरित किए जाने वाला सरकारी गेहूं लदा था.
वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया ट्रक
मामले की जानकारी देते हुए समशेरगंज थाना के नये आईसी कुणाल कांति दास और फरक्का के नये एसडीपीओ दीपेंद्र तमांग ने प्रेसवार्ता में बताया कि शुक्रवार देर शाम पुठिमारी सीमा क्षेत्र में पुलिस की ओर से वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था.
इसी दौरान पुलिस ने गेहूं लदे एक संदिग्ध ट्रक को रोका. पुलिस को देखते ही ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. इसके बाद पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली और उसमें बड़ी मात्रा में गेहूं बरामद किया.
विभिन्न राशन दुकानों से गेहूं जुटाने की बात
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान मनिरुल इस्लाम को गेहूं का कथित मालिक बताया गया. पुलिस द्वारा गेहूं से संबंधित कागजात मांगे जाने पर उसने कथित तौर पर बताया कि विभिन्न राशन दुकानों से गेहूं एकत्र कर उसे पाकुड़ भेजा जा रहा था.
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल करते हुए ट्रक और उसमें लदे गेहूं को जब्त कर लिया तथा मनिरुल इस्लाम को गिरफ्तार कर लिया.
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को शनिवार को न्यायालय में पेश किया. वहीं फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. गेहूं कहां से लाया गया था, इसे कहां भेजा जाना था और इसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की स्थिति क्या है, इसकी भी जांच की जा रही है.
