झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ ने रखी मांग
साहिबगंज : बकाया वेतन के भुगतान की मांग को लेकर झारखंड राज्य पंचायत सचिव संघ सोमवार को समाहरणालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गये. संघ के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद दास व जिला मंत्री राजकुमार ने सोमवार को एक बार फिर डीसी ए मुथु कुमार को स्मार पत्र सौंपा. श्री दास ने कहा कि पंचायत सचिवों को पिछले 8 माह से वेतन नहीं मिल रहा है.
कई बार लिखित व मौखिक अनुरोध किया गया, इसके बावजूद वेतन का भुगतान नहीं किया गया. वहीं वरीय पदाधिकारी आवंटन उपलब्ध नहीं रहने की बात करते हैं. वहीं जिला पंचायत राज्य कार्यालय में आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद प्रखंड को आवंटन नहीं दिया गया है. वेतन नहीं मिलने से पंचायत सचिवों की आर्थिक स्थित खराब हो गयी है.
वेतन भुगतान की मांग को लेकर पहले भी डीसी को ज्ञापन दिया गया था और इसमें मांग पूरी नहीं होने पर 13 जनवरी से भूख हड़ताल करने का निर्णय लिया था. इसी के तहत सोमवार को अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू किया है.
यह हड़ताल मांगें पूरी होने के बाद ही समाप्त होगा. इस अवसर पर अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री भरत यादव, सीताराम सिंह, मथियस टुडू, एस चौरसिया, बलराम दास, सुरेश यादव, अशोक रजक, सुधीर साह, सुदर्शन प्रमाणिक, अधीर कुमार दत्ता, रायसन हांसदा, मुनिलाल ठाकुर, मो हन्नान, सुरेश साह, सुशील मरांडी, रतन लाल टुडू सहित कई लोग उपस्थित थे.
