साहिबगंज : नेम निष्ठा का महापर्व के तीसरे दिन मंगलवार संध्या छह बजे डूबते हुए सूर्य को श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ स्थानीय गंगा तट पर अर्घ्य दिया. सुबह से ही स्थानीय लोग व नप कर्मी ने गंगा तट की सफाई की. संध्या 4 बजे से ही गंगा तट पर श्रद्धालुगण पहुंचने लगे थे. संध्या 5:30 से गंगा में उतर कर श्रद्धालुओं व व्रती महिला व पुरुष स्नान किया. दंडवत करते हुए कई लोग गंगा तट पर पहुंचे. सभी लोगों ने डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया.
बुधवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर निस्तार का कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा. शहर के पुरानी साहिबगंज घाट, चानन घाट, कबूतर खोपी बिजली घाट, ब्रह्मेश्वर स्थाना घाट, शीतला मंदिर घाट, शोभनपुर भट्ठा घाट एवं स्थानीय गंगा तट पर विधि विधान के साथ अर्घ्य दिया गया. सुरक्षा के व्यापक प्रबंध थे.
जबकि वार्ड पार्षद ललन सिंह व कई सामाजिक संगठन के लोगों ने दतवन, दूध, शरबत, चाय की व्यवस्था तथा लाइटिंग की नि:शुल्क व्यवस्था की थी. वहीं बोरियो प्रतिनिधि के अनुसार बोरियो के मोरंग नदी में सैकड़ों महिला पुरुष श्रद्धालुओं ने अर्घ्य दिया. जबकि मिर्जाचौकी प्रतिनिधि के अनुसार मिर्जाचौकी मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं ने गड्ढा खोदकर उसी में पूजा अर्चना की.
