सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया डीसी का घेराव

2019 से मांग के बावजूद नहीं बनी सड़क, मरीजों को खाट पर ढोने को मजबूर ग्रामीण

साहिबगंज

जिले के बरहेट प्रखंड के बड़ा डलवा गांव में सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश शुक्रवार को फूट पड़ा. दर्जनों ग्रामीणों, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, समाहरणालय पहुंचे और उपायुक्त हेमंत सती का घेराव कर छह किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा. बरहेट प्रखंड अंतर्गत बड़ा डलवा गांव के ग्रामीण वर्षों से सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं. आक्रोशित ग्रामीणों ने बताया कि वे वर्ष 2019 से लगातार गांव में 6 किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे हैं. इसके लिए सांसद, प्रखंड विकास पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त को कई बार ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है. ग्रामीणों ने बताया कि सड़क नहीं होने के कारण गांव तक आवागमन बेहद मुश्किल है. खासकर मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. आपात स्थिति में बीमार लोगों को खाट पर लादकर मुख्य सड़क तक ले जाना पड़ता है, जो बेहद पीड़ादायक और जोखिम भरा होता है. मौके पर अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत भी पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं. उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर समाहर्ता को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद आरइओ के कार्यपालक अभियंता देवीलाल हांसदा को बुलाकर स्थिति की जानकारी ली गयी. कार्यपालक अभियंता ने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत जिले के पहाड़िया गांवों को जोड़ने के लिए 108 सड़कों को स्वीकृति मिली है. यदि बड़ा डलवा गांव योजना में शामिल होता है, तो प्राथमिकता के आधार पर वहां सड़क निर्माण कराया जायेगा. अपर समाहर्ता ने आश्वस्त किया कि समस्या के समाधान के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही ठोस कदम उठाए जायेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >