आदिवासी छात्रावास के छात्रों ने अपनी समस्याओं को लेकर जिला कल्याण कार्यालय में उठायी आवाज
साहिबगंज : विकास भवन स्थित जिला कल्याण कार्यालय में गुरुवार को जिला कल्याण पदाधिकारी उत्तम कुमार भगत का घेराव उनके ही कार्यालय में किया गया. आदिवासी छात्रावास के छात्रनायक प्रेमचंद्र सोरेन के नेतृत्व में कल्याण पदाधिकारी से मिलने गये दर्जनों छात्रों ने हंगामा किया. जिसकी सूचना उपायुक्त की मिली. उपायुक्त उमेश प्रसाद सिंह ने तत्काल भूमि उपसमाहर्ता अमित प्रकाश और जिला पंचायती राज पदाधिकारी अजीत सिंह को भेजकर समस्या का समाधान करने का आदेश दिया.
इधर कार्यालय के सभी कर्मी कार्यालय में ताला लगाकर दूसरे विभाग में जा बैठे. छात्र नायक ने कहा कि आदिवासी छात्रावास के छात्रों को समय पर छात्रवृत्ति नहीं मिलती है. यदि किसी को मिलती भी है तो पूरा नहीं मिलती. छात्रावास में एक साल से अधिक समय से मच्छरदानी, प्लेट बाल्टी, ग्लास, कुरसी की आपूर्ति नहीं की गयी है. जिससे सभी छात्रों को काफी परेशानी हो रही है. मौके पर छात्रों में राजकुमार मुर्मू, राजेश घोष, दिनेश, मार्शल, जिला मुर्मू, प्रेमचंद्र सोरेन, निलशन मासी, जेठा, हरिणक्षर सहित दर्जनों छात्र उपस्थित थे.
