बरहरवा : पतना चौक छाताडंगाल मैदान स्थित राजकीय मध्य विद्यालय रतनपुर को सोमवार को विद्यालय के बच्चे विद्यालय से निकल आये और विद्यालय प्रबंधन व प्रधानाध्यापक शंभु दास के विरोध में नारेबाजी की और हंगामा मचाया. पिछले तीन माह से बंद एमडीएम एवं विद्यालय की अनियमित संचालन को लेकर छात्र-छात्राओं में आक्रोश था. सोमवार को सुबह विद्यालय पहुंचे छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के समय हो जाने के बावजूद विद्यालय के बंद रहने से भड़क गये.
छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि विद्यालय कभी समय पर नहीं खुलता है और बच्चों को मध्याह्न भोजन भी नहीं दिया जा रहा है. वहीं इस वित्तीय वर्ष में प्रबंधन समिति का गठन न होना व प्रधानाध्यापक की लचर व्यवस्था के कारण बच्चों को अभी तक पोशाक का वितरण नहीं किया गया है. विद्यालय के खाते में पोशाक के लिये आयी राशि अभी तक पड़ी हुई है. इधर मामले की सूचना मिलते ही प्रखंड शिखा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीपीओ व अन्य कर्मी विद्यालय पहुंच कर बच्चों को समझा-बुझा कर शांत कराया और एमडीएम भी शुरू करवाया.
क्या कहते हैं प्रधानाध्यापक : प्रधानाध्यापक शंभु दास ने बताया कि विद्यालय को सही ढंग से चलाने के लिये हर संभव प्रयास किया जा रहा है.
क्या कहते हैं बीइइओ
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी शैलेंद्र मेहता ने कहा कि विद्यालय को चालू करा दिया गया है. पोशाक का वितरण भी जल्द कर दिया जायेगा. एमडीएम इतने दिन क्यों बंद रहा इसकी जांच की जायेगी.
