विहिप, भाजपा, शिवसेना व संघ कार्याकर्ताओं ने दिया धरना
साहिबगंज : विश्व हिंदू परिषद की 84 कोसी परिक्रमा पर रोक लगाने तथा नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में विहिप, भाजपा, शिवसेना व संघकार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्टेशन चौक पर धरना दिया. धरना को संबोधित करते हुए विहिप के प्रदेश सह मंत्री वीरेंद्र ने कहा कि संतों पर अत्याचार यानी गांधी पर अत्याचार है.
अगर संत नहीं होते, तो संसार नहीं होता. कहा : प्रयाग में महाकुंभ के अवसर पर धर्म संवाद द्वारा 25 अगस्त से 84 कोसी परिक्रमा आयोजन का निर्णय लिया गया था. 25 अगस्त को साधु संतों द्वारा परिक्रमा शुरू किया जाना था, इसमें लगभग 200 साधु संतों की टोली द्वारा एक दिन में 15 किलोमीटर की यात्र करनी थी.
लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा हिंदुओं की धार्मिक भावना का दमन करते हुए परिक्रमा पर रोक लगा दी गयी है. विधायक अरुण मंडल ने कहा कि बड़ी संख्या में यत्र-तत्र साधु संत व विहिप नेताओं की अमानवीय ढ़ंग से गिरफ्तारी की गयी. भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अनंत ओझा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा धार्मिक यात्र के मौलिक अधिकार का हनन किया गया.
भाजपा जिलाध्यक्ष उज्जवल मंडल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा इस प्रकार की अलोकतांत्रिक व दमनात्मक कार्रवाई से समस्त हिंदू समाज मर्माहत है. मौके पर ओम तत्सत, संघ के विभाग प्रचारक प्रो अरविंद सिंह, मिथलेश भगत, रामनिवास ओझा, राम इकबाल साह, सुबोध कुमार दास, धर्मेद्र कुमार, रंधीर सिंह, सत्यप्रकाश सिन्हा, कुशमाकर तिवारी, नित्यानंद गुप्ता, केशव तमाखुवाला, राजीव पांडे, उज्जवल मंडल, लालू भगत, अनंत सिन्हा, शिव सेना के संजय पांडे, मुरलीधर तिवारी सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे. मंच का संचालन आनंद मोदी ने किया. धरना में उपस्थित लोगों ने केंद्र व यूपी सरकार के विरोध में नारेबाजी की.
