बरहरवा : बरहरवा के स्वामी विवेकानंद क्रीड़ा प्रांगण में रविवार को जिलास्तरीय हिंदू महा सम्मेलन का शुभारंभ आर्य समाज के सदस्यों ने हवन कार्यक्रम से किया. इसमें साहिबगंज, पाकुड़ सहित अन्य जिले से विभिन्न हिंदू संगठनों के वक्ता ने शिरकत की.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद के झारखंड प्रदेश सह मंत्री वीरेंद्र प्रसाद यादव ने कहा कि सोची-समझी साजिश के तहत कुछ लोग समय-समय पर हिंदुओं पर प्रहार करने का काम कर रहे हैं.
हिंदू समाज को आज एकजुट होने की आवश्यकता है. देश में कई तरह की समस्या उत्पन्न हो रही है. यदि हिंदू समाज एक मंच पर नहीं आया तो आने वाले समय में समाज ही नहीं देश के लिये भी स्थिति चिंताजनक होगी. विहिप के उत्तर पूर्व क्षेत्र धर्माचार्य प्रमुख वीरेंद्र विमल ने कहा कि सनातन धर्म विश्व में सबसे बड़ा धर्म है. यहीं धर्म लोगों को अनुशासन का पाठ पढ़ाता है. स्वामी चंदनानंद गिरी महाराज ने हिंदू समाज को एकजुट होने का आह्वान किया.
कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग संघ चालक अरविंद प्रसाद सिंह, संतमत सत्संग प्रचारक हीरालाल महतो, बमबम मंडल, बालेश्वर मरांडी आदि ने संबोधित किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रो रामचंद्र सिंह ने की. मंच संचालन बमबम मंडल ने किया. वहीं कार्यक्रम की सफलता में पांचु सिंह, बैकुंठ बिहारी भगत, सुरक्षा प्रमुख निलेश महतो, नीरज महतो आदि ने सक्रिय भूमिका निभायी.
केसरिया ध्वज से पटा रहा कार्यक्रम स्थल
कार्यक्रम स्थल पूरा केसरिया ध्वज से पटा रहा. स्वयं सेवक पूरे अनुशासन में रहते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हुए थे. कार्यक्रम स्थल सहित बरहरवा सब्जी रोड, स्टेशन रोड, मेन रोड, थाना रोड आदि मार्गो पर भी ध्वज था.
मुस्तैद दिखा पुलिस प्रशासन
कार्यक्रम को लेकर बरहरवा प्रभाग के पुलिस इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थाना प्रभारी राधेश्याम राम, पुअनि प्रयाग दास, अनवर अली सहित पुलिस बल पूरे कार्यक्रम के दौरान मुस्तैद दिखे.
