निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान को सरकार गंभीर : पंकज मिश्रा
25 प्रतिशत बच्चों को निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था
साहिबगंज
साहिबगंज के कॉलेज रोड स्थित एनआरपी सेंटर में रविवार को झारखंड प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की जिला इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी. कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मां सरस्वती की वंदना के साथ किया. इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रदेश संरक्षक प्रो. कमल कुमार महावर, सम्मानित अतिथि डॉ संजय भगत सहित जिले के कई निजी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत एनआरपी सेंटर की बच्चियों द्वारा स्वागत गान से हुई. जिला अध्यक्ष सह एनआरपी सेंटर के प्राचार्य मनोज कुमार झा ने स्वागत भाषण देते हुए निजी विद्यालयों की चुनौतियों पर प्रकाश डाला. सचिव सत्यजीत कृष्ण ने सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि निजी विद्यालय शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं तथा सरकार सहयोगात्मक नीति अपनाए तो बीपीएल परिवारों के 25 प्रतिशत बच्चों को निशुल्क शिक्षा की व्यवस्था और बेहतर ढंग से लागू की जा सकती है. बैठक को संबोधित करते हुए प्रो कमल कुमार महावर ने कहा कि सरकार द्वारा निजी स्कूलों के लिए निजी जमीन अनिवार्य किए जाने से कई विद्यालयों के अस्तित्व पर संकट उत्पन्न हो गया है. उन्होंने कहा कि जिले के अधिकांश विद्यालय खासमहल एवं दानपत्र की भूमि पर संचालित हो रहे हैं. ऐसे में भूमि संबंधी नियमों में शिथिलता आवश्यक है, अन्यथा हजारों बच्चों की पढ़ाई और शिक्षकों के रोजगार पर असर पड़ेगा. उन्होंने मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा से इस दिशा में सरकार से गंभीर पहल करने का आग्रह किया. मुख्य अतिथि पंकज मिश्रा ने कहा कि झारखंड सरकार निजी विद्यालयों की समस्याओं के समाधान को लेकर संवेदनशील है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि विद्यालयों की समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे. साथ ही साहिबगंज में पूर्वी एवं पश्चिमी रेलवे गेट पर ओवरब्रिज, मरीन ड्राइव, हवाई अड्डा, अत्याधुनिक बस स्टैंड एवं 200 बेड अस्पताल जैसी योजनाओं का भी जिक्र किया. बैठक में जिले के प्रत्येक प्रखंड के लिए प्रखंड संयोजक नियुक्त करने का निर्णय लिया गया ताकि सभी निजी विद्यालयों को संगठन से जोड़ा जा सके. कार्यक्रम में संरक्षक उमानाथ पंडित, वीरेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, राजेश आर्य, अनिमा प्रमाणिक, श्रीमती गंगा महावर, रूपम शाह, उत्तम कुमार चंद, अनुपम गोस्वामी, सद्दाम हुसैन, परमजीत घोष, अजय मंडल, विजय यादव, गोपाल कृष्ण, संतोष उपाध्याय, संजीव यादव, अजय शाह, संजय ठाकुर, अशफाक आलम, कार्तिक हेंब्रम, छोटू लाल गुप्ता, कालिदास पाठक सहित बड़ी संख्या में निजी विद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन कुमारी गरिमा तथा धन्यवाद ज्ञापन वीरेंद्र सिंह ने किया.