साहिबगंज : मतदान प्रक्रिया से ही कार्यपालिका व विधायिका की नींव पड़ती है. यह बातें उपायुक्त उमेश प्रसाद सिंह ने मंगलवार को मतदाता जागरूकता रैली के अवसर पर कही. उन्होंने कहा कि मतदाता प्रजातंत्र की रीढ़ हैं. ऐसे प्रतिनिधि के पक्ष में मतदान ना करे जिसपर एफआइआर, भ्रष्टाचार का आरोप, सीबीआइ जांच व उनके घर में छापामारी होती है.
सुदृढ़ प्रजातंत्र के लिए मतदाताओं की सहभागिता जरूरी है. अधिक से अधिक मतदाता अपने मत का प्रयोग कर ही स्वस्थ सरकार का चुनाव कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में साहिबगंज की जनता ने पूरे झारखंड में नंबर वन मतदान किया था. अधिक – से-अधिक संख्या में लोग मतदान कर इस बार भी साहिबगंज को राज्य में पहले स्थान पर लायें.
इसके पूर्व जिला साक्षरता, एनएसएस से जुड़े छात्र-छात्रओं ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पुलिस लाइन मैदान में मतदान करने के प्रति लोगों को प्रेरित किया. स्वीप कोषांग के शाहिद अख्तर व कार्यक्रम संयोजक नरेश कुमार मुंडा ने कहा कि जागरूकता के साथ-साथ आपका अधिकार भी बनता है कि आप निर्भीक होकर अच्छे जनप्रतिनिधि का चयन करें. इसके पूर्व रेलवे जेनरल इंस्टीटय़ूट से जागरूकता रैली को डीसी ने फीता काट कर व हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. रैली बाटा चौक, पटेल चौक, स्टेशन चौक, कॉलेज रोड, पूर्वी फाटक होते हुये पुलिस लाइन मैदान पहुंची.
यहां नुक्कड़ नाटक आयोजित की गयी. इस अवसर पर डीइओ भेलेरियन तिर्की, डीएसइ सुरेंद्र पांडे, डीपीआरओ रामनिवास सिंह, आइसीडीएस निदेशक शाहिद अख्तर, एसपी एबी राम, एसी एन कुमार, सदर एसडीओ एम संथालिया, डीएसपी शशिभूषण, उपनिर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार शर्मा, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्यामदेव राय, सीएस डॉ बी मरांडी आदि थे.
