स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और मरीजों की सुविधा पर विशेष ध्यान

डीएस ने सदर अस्पताल का किया निरीक्षण

साहिबगंज

सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सोमवार को डीएस दिनेश कुमार ने अस्पताल का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया. डीएस ने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, दवा वितरण, मरीजों के उपचार और स्वास्थ्य कर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा की. उन्होंने ओपीडी, ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी वार्ड और मरीज वार्ड का भ्रमण कर वहां भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत की. डीएस ने मरीजों और उनके परिजनों से समय पर इलाज और दवा की उपलब्धता के बारे में पूछा. कई मरीजों ने अस्पताल में मिल रही सुविधाओं पर संतोष जताया, जबकि कुछ ने आवश्यक सुधारों के लिए सुझाव भी दिये. डीएस ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी मरीजों का नियमित जांच और रूटीन चेकअप सुनिश्चित किया जाये. उन्होंने कहा कि किसी भी मरीज को इलाज या दवा के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए. डीएस दिनेश कुमार ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों से मरीजों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाये रखने पर भी जोर दिया, क्योंकि स्वच्छ वातावरण से संक्रमण का खतरा कम होता है और मरीजों को बेहतर माहौल मिलता है. इसके अलावा डीएस ने पूर्व में संचालित डेंटिस्ट क्लिनिक का निरीक्षण किया और वहां अतिरिक्त बेड लगाने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को अधिक सुविधा मिल सके. डीएस ने कहा कि सदर अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By ABDHESH SINGH

ABDHESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >