साहेबगंज से सोनू कुमार की रिपोर्ट
साहिबगंज: नशे के कारोबार के खिलाफ साहिबगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 3 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद स्कॉर्पियो और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं. बरामद ब्राउन शुगर की बाजार कीमत लाखों रुपये बतायी जा रही है.
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की रात करीब 3 बजे सूचना मिली थी कि रांगा थाना क्षेत्र के केसरो गांव के पास पश्चिम बंगाल के कालियाचक और बिहार के कुछ लोग ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचे हैं. सूचना के आधार पर बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया. टीम में रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस को देखते ही भागने लगे, पीछा कर पकड़ा
छापेमारी दल ने तड़के करीब 4 बजे केसरो के पास एक सफेद स्कॉर्पियो को रुकने का इशारा किया. पुलिस के अनुसार, चालक ने वाहन लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर स्कॉर्पियो को रोक लिया. वाहन में सवार तीनों लोगों को हिरासत में लेकर तलाशी ली गयी. तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 1 किलो 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सहरसा जिले के बैजनाथपुर थाना क्षेत्र के तीरी निवासी अमन राज, मधेपुरा जिले के गोलपाड़ा थाना क्षेत्र के राजपुर सरसंडी निवासी गुलशन कुमार और पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक क्षेत्र के बलियाडांगा सरकेश माठ निवासी शिवम मिश्रा के रूप में हुई है.
कालियाचक से लाकर कई राज्यों में सप्लाई का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल के कालियाचक से ब्राउन शुगर लाकर बिहार, झारखंड और अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचते थे. पुलिस को गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है.
बताया गया कि शिवम मिश्रा ने कालियाचक और बिहार के कुछ अन्य कथित तस्करों के नाम पुलिस को बताये हैं. इन जानकारियों के आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने के लिए छापेमारी कर रही है.
नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने मंगलवार को रांगा थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी. उन्होंने इसे पुलिस की बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा. गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस कार्रवाई कर रही है.
कार्रवाई के दौरान बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, एसएसआई महेश कुमार, एसआई विजय कुमार यादव, गिरीजल सोरेन, आरक्षी पंकज कुमार झा, मनोज कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे.
