चान्हो. थाना क्षेत्र के बरहे गांव में पिस्टल दिखा कर ग्रामीण को जान से मारने की धमकी देनेवाले दो युवकों को पकड़ कर सोमवार को पुलिस के हवाले किया गया है. पुलिस के अनुसार बरहे गांव के ही रहनेवाले युवकों काली लोहरा पिता मोहन लोहरा, आनंद महली पिता बजरंग महली के पास से पिस्टल, एक मैगजीन और तीन गोली बरामद किये गये हैं. जानकारी के अनुसार काली लोहरा व आनंद महली ने अपने एक अन्य साथी रामु लोहरा के साथ रविवार की शाम को भी गांव के एक युवक मिस्टर उरांव को रास्ते में रोक कर उसके साथ गाली गलौज की थी और विरोध करने पर उसकी कनपटी में पिस्टल सटा कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी. जिसकी सूचना मिस्टर उरांव ने घर आकर अपने परिजनों व अन्य ग्रामीणों को दी थी. जिसके बाद सोमवार की सुबह ग्रामीण घटना के बाबत पूछताछ करने के लिए काली लोहरा के पास पहुंचे थे. पूछताछ के दौरान अपने दो साथियों आनंद महली व रामू लोहरा के साथ खड़े काली लोहरा ने ग्रामीणों के सामने ही अपने कमर से पिस्टल निकाला और फिर से मिस्टर उरांव के कनपटी पर पिस्टल सटा कर उसे गोली मार देने की धमकी देने लगा. जिससे गुस्साए ग्रामीणों ने उससे पिस्टल छीन ली और उसके अलावा उसके साथी आंनद महली को पकड़ कर पहले उनकी जम कर पिटाई की और बाद में उन्हें चान्हो पुलिस के हवाले कर दिया. ग्रामीणों के मुताबिक इस बीच उनका तीसरा साथी रामू लोहरा पिता स्व रमेश लोहरा मौके से भागने में सफल रहा. मामले को लेकर तीनों युवकों के खिलाफ चान्हो थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. चान्हो पुलिस उनके तीसरे साथी रामू लोहरा की तलाश कर रही है.
युवकों के पास से पिस्तौल, एक मैगजीन व तीन गोली बरामदB
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
