पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट विजय केशरी के स्वजनों ने बंद वापस लिया

खलारी बाजारटांड़ स्थित हुटाप पंचायत भवन में शनिवार दोपहर एक बैठक का आयोजन किया गया.

खलारी/मैकलुस्कीगंज. खलारी बाजारटांड़ स्थित हुटाप पंचायत भवन में शनिवार दोपहर एक बैठक का आयोजन किया गया. बैठक में 11 जनवरी को साप्ताहिक हाट के दौरान व्यवसायी विजय केशरी को सरेशाम जान मारने की नीयत से गोली मार कर गंभीर रूप से घायल किए जाने की घटना पर पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई पर चर्चा की गई. बैठक में विजय केशरी के स्वजनों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष जताया. इसके साथ ही 18 जनवरी को आहूत बंद को वापस लेने का निर्णय लिया गया. हालांकि उपस्थित लोगों ने पुलिस अधिकारियों से शेष बचे अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग भी की. इधर रिम्स, रांची में इलाजरत विजय केशरी की हालत लगातार चिंताजनक बनी हुई है. विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. बैठक में विजय केशरी का एकमात्र पुत्र नमन भी उपस्थित था. पिता पर हुए जानलेवा हमले से वह गहरे सदमे में है. इसी कारण वह 10वीं की प्री-बोर्ड परीक्षा में भी शामिल नहीं हो पा रहा है. बैठक के दौरान परिवार की महिलाओं की आंखें भर आयीं. महिलाओं ने भावुक होते हुए कहा कि यदि विजय केशरी को कुछ होता है तो उनकी पत्नी और बेटे का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा. विजय केशरी साप्ताहिक हाटों में इलेक्ट्रानिक सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. बैठक में मौजूद अन्य लोग भी इस घटना को लेकर भावुक नजर आए. सभी ने एक स्वर में पुलिस से अपील की कि घटना में शामिल सभी अपराधियों को शीघ्र कानून के शिकंजे में लिया जाए. बैठक में जिला परिषद सदस्य सरस्वती देवी, विधायक प्रतिनिधि मोनू रजक, मुखिया शिवरत मुंडा, अजय केशरी, बलरामप्रसाद सोनी, कृष्णा रजक, गौरी केशरी, प्रताप यादव, भोला केशरी, राजा केशरी, रणधीर कुमार केशरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष उपस्थित थे.

शेष अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DINESH PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >