तमाड़ प्रखंड के हाड़ामलोहर पंचायत अंतर्गत पेलकाडीह गांव में दीये से लगी आग में रंगलाल महतो और कृतिवास महतो का घर जल कर राख हो गया. बताया जाता है कि घर के कोठार में रखे पुआल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. आग बुझाने के लिए ग्रामीणों ने चार से पांच घंटे तक कड़ी मशक्कत की. ग्रामीणों ने दमकल विभाग के 101 नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठने का आरोप लगाया. आगलगी में दोनों परिवारों का घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया. रंगलाल महतो के घर में रखा करीब 22 क्विंटल धान, सोना-चांदी के आभूषण और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गये. घटना की सूचना मिलने पर मुखिया पंकज सिंह मुंडा मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. उन्होंने अंचल अधिकारी को मामले की जानकारी दी. सीओ ने जल्द राहत उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया.
दीये से लगी आग में दो घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति का नुकसान
तमाड़ के पेलकाडीह गांव में दीये से लगी आग में दो परिवारों के घर जलकर राख हो गए। लाखों का सामान और जरूरी दस्तावेज जलने से पीड़ित परिवार बेघर हो गए हैं।

फोटो | Prabhat Khabar Network