खलारी में ट्रक जलाने की घटना के दो आरोपी गिरफ्तार

ट्रक में आग लगाने की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.

खलारी. खलारी थाना क्षेत्र के डकरा स्थित पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर खड़े एक ट्रक में आग लगाने की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. यह घटना 11 फरवरी की रात करीब आठ बजे हुई थी, जब अज्ञात अपराधियों ने केरासिन छिड़क कर ट्रक में आग लगा दी थी. घटना में ट्रक चालक सियाराम यादव गंभीर रूप से झुलस गए थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया.इसके बाद खलारी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक खलारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम में खलारी एवं मैक्लुस्कीगंज थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों को शामिल किया गया। लगातार छापेमारी के क्रम में 14 फरवरी को गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ के दौरान दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उन्होंने बताया कि वे प्रतिबंधित संगठन टीएसपीसी से निष्कासित दस्ता सदस्य साबिर अंसारी उर्फ सुदर्शन जी द्वारा बनाये गये आपराधिक गिरोह से जुड़े हुए हैं. गिरोह का सरगना साबिर अंसारी है, जबकि उसके साथ तीन से चार अन्य अपराधी भी सक्रिय हैं. गिरफ्तार आरोपियों ने छह फरवरी को डकरा कांटा घर के सामने लेवी वसूली के उद्देश्य से साबिर अंसारी के नेतृत्व में फायरिंग की घटना को अंजाम देने की बात भी स्वीकार की है. आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, माचिस, केरासिन भरी बोतल तथा टीएसपीसी के फर्जी पर्चे बरामद किये हैं. पुलिस ने बताया कि कांड में शामिल अन्य फरार अपराधियों की पहचान कर ली गयी है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों में खुशहाल अंसारी, निवासी हुटाप (छापरटोला), थाना मैक्लुस्कीगंज, तथा इतेफाक अंसारी उर्फ गुड्डू (दोनों की उम्र 19), निवासी नचना, थाना बरियातू, जिला लातेहार शामिल हैं. पुलिस ने मामले का सफल उद्भेदन करते हुए कहा है कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा.

गिरफ्तार आरोपियों ने छह फरवरी को डकरा कांटा घर के सामने फायरिंग की घटना को अंजाम देने की बात भी स्वीकारी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DINESH PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >