पिपरवार में टीएसपीसी उग्रवादियों की फायरिंग से ट्रक मालिक घायल
थाना क्षेत्र के अशोक परियोजना कार्यालय सीआइएसएफ चेकपोस्ट के निकट सुबह नौ बजे अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की.
प्रतिनिधि, पिपरवार.
थाना क्षेत्र के अशोक परियोजना कार्यालय सीआइएसएफ चेकपोस्ट के निकट सुबह नौ बजे अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की. इस घटना में ट्रक मालिक वासुदेव गंझू (30) को कमर में गोली लगी. फायरिंग के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी. रोड सेल में लोडिंग फार्मेट के लिए जुटे लिफ्टर, डीओ होल्डर व ट्रक मालिक जंगल की ओर भाग कर अपनी जान बचायी. अपराधियों की संख्या तीन बतायी जा रही है. वे सभी गमछा से चेहरा ढंके हुए थे. फायरिंग के बाद तीनों एक ही बाइक से फरार हो गये. बाद में घायल ट्रक मालिक को इलाज के लिए बचरा अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया. वासुदेव गंझू बेंती के निवासी हैं. सूचना मिलने पर पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार व टंडवा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जयदेव टोप्पो दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने वहां सर्च अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस को वहां से कारतूस के तीन खोखे बरामद हुए. अपराधियों द्वारा उक्त स्थान पर फायरिंग की यह तीसरी घटना है.
इधर, तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी के उत्तरी-दक्षिणी छोटानागपुर सब-जोनल कमेटी के ऋषिकेश जी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एनके एरिया के मुंडा धौड़ा व पिपरवार में गोलीबारी की घटना की जिम्मेवारी ली है. बताया है कि एनके, पिपरवार व अशोका में काम करनेवाले डीओ होल्डर व लिफ्टर, उप कमेटी द्वारा संगठन की बातों को दरकिनार करने की वजह से घटना को अंजाम दिया गया है. संगठन से बिना बात किये कोई भी कार्य नहीं करें, नहीं तो कार्रवाई की जायेगी.