टाटा स्टील झारखंड में करेगी 11 हजार करोड़ का निवेश

दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की

रांची. दावोस के वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड सरकार के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील के शीर्ष नेतृत्व के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक के दौरान टाटा स्टील ने झारखंड में न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी में कुल 11,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता दोहरायी. इसे लेकर आशय पत्र (एलओआइ) एवं सहयोग समझौते (को-ऑपरेशन एग्रीमेंट) पर हस्ताक्षर किये गये.

परियोजनाएं ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी

इस निवेश के अंतर्गत हाइड्रोजन ईजी एंड मेल्ट टेक्नोलॉजी में 7,000 करोड़ रुपये, कांबी मिल परियोजना में 1,500 करोड़ रुपये तथा टिनप्लेट विस्तार परियोजना में 2,600 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है. ये सभी परियोजनाएं पर्यावरण अनुकूल ग्रीन स्टील तकनीक पर आधारित होंगी, जिनमें नीदरलैंड और जर्मनी की उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जायेगा. मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार टिकाऊ औद्योगिक विकास, स्वच्छ तकनीक और स्थानीय रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है.

अग्रणी राज्य बनाने में मिलेगा योगदान

टाटा स्टील के साथ यह साझेदारी राज्य की औद्योगिक क्षमता को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के साथ-साथ झारखंड को हरित औद्योगिक परिवर्तन का अग्रणी राज्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी. यह निवेश न केवल राज्य के खनिज-आधारित औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूती देगा, बल्कि ग्रीन एनर्जी और जलवायु-अनुकूल विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को भी गति प्रदान करेगा. इस दौरान हिताची कंपनी ने विद्युत, उच्च स्तरीय ग्रिडिंग एवं उन्नत अवसंरचना के क्षेत्र में निवेश को लेकर अपना प्रस्ताव प्रस्तुत किया. सोमवार को मुख्यमंत्री की वर्ल्ड वूमन लीडर्स फोरम के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात हुई. इस दौरान भारत चैप्टर की स्थापना तथा सभी राजनीतिक दलों की महिला प्रतिनिधियों के लिए एक साझा और गैर-दलीय मंच के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसमें संवाद, क्षमता निर्माण और सहयोग को बढ़ावा दिया जायेगा.

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के साथ टाटा स्टील के एमडी एवं सीइओ टीवी नरेंद्रन, स्वीडन इंडिया बिजनेस काउंसिल की चीफ इंडिया रिप्रेजेंटेटिव सेसिलिया ओल्डने, वूमन पॉलिटिकल लीडर्स फोरम की अध्यक्ष सिलवाना कोच-मेहरिन, विश्व आर्थिक मंच से विराज मेहता, हिताची इंडिया के क्षेत्रीय प्रमुख भारत कौशल तथा टेक महिंद्रा के आईएमईए डिवीजन के प्रमुख एवं अध्यक्ष साहिल धवन उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >