रांची. रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड-1 स्थित वार्ड पार्षद अशोक यादव के कार्यालय के सामने स्थित किराये के घर में सुमित वर्मा उर्फ टकला का संदिग्ध हालत में शव मिला है. टकला का शव रस्सी के सहारे कमरे में झूल रहा था. शुक्रवार की सुबह आसपास के लोगों ने देखा तो मामले की जानकारी सुखदेवनगर पुलिस को दी. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुमित वर्मा की हत्या हुई है. इस मामले में कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय का कहना है कि प्रथमदृष्ट्या मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा. 17 वर्ष की उम्र में टकला ने की थी पहली बार दोस्त की हत्या : मृतक टकला ने महज 17 की उम्र में अपने बचपन के दोस्त अंकुश शर्मा की बिरला मैदान में हत्या कर दी थी. अंकुश की हत्या पत्थर से कूचकर बेरहमी से की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने उसे पकड़ कर रिमांड होम भेजा था. जहां एक वर्ष बिताने के बाद उसे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेजा गया. जेल से निकलने के बाद उसने दोबारा अपने ही दोस्त अविनाश कुमार को चाकू से घोंप कर मार डाला था. अविनाश की हत्या के पीछे नशे का विवाद था. जमानत पर जेल से आया था बाहर : जानकारी के अनुसारी मृतक सुमित वर्मा उर्फ टकला पर दो लोगों की हत्या का आरोप है. कुछ माह पूर्व जमानत पर वह होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से बाहर आया था. बताया जाता है कि टकला का एक लड़की से प्रेम-प्रसंग था. उसके जेल जाने के बाद वह लड़की किसी दूसरे से प्रेम करने लगी थी. टकला के पिता राजू वर्मा ने आरोप लगाया है कि टकला की पत्नी और दोस्त ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और कमरे में रस्सी के सहारे शव को लटका दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
