सुभाष नगर में 12 दिनों से पेयजल संकट, लोगों ने महाप्रबंधक से की शिकायत

पिपरवार कॉलोनी में पानी सप्लाई का मोटर खराब होने के कारण पिछले 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है.

खलारी. एनके एरिया के सुभाष नगर स्थित पिपरवार कॉलोनी में पानी सप्लाई का मोटर खराब होने के कारण पिछले 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है. पानी नहीं मिलने से कॉलोनी के लोग, विशेषकर महिलाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. पेयजल संकट को लेकर गुरुवार को एटक के क्षेत्रीय अध्यक्ष कृष्णा चौहान के नेतृत्व में सुभाष नगर के लोग एनके एरिया के महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता से मिले और उन्हें समस्या से अवगत कराया. इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में काफी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं. लोगों ने बताया कि कॉलोनी के सभी 40 क्वार्टर में पानी की काफी समस्या से परेशानी हो रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता ने संबंधित विभाग को तत्काल पानी के मोटर को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया. साथ ही उन्होंने कहा कि जब तक मोटर की खराबी पूरी तरह दूर नहीं होती, तब तक वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये. महाप्रबंधक ने उपस्थित लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. उन्होंने यह भी कहा कि यदि तय समय में मोटर ठीक नहीं होती है, तो एक-दो दिनों के भीतर उन्हें पुनः जानकारी दी जाये, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके. महाप्रबंधक से आश्वासन मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और उम्मीद जताई कि जल्द ही कॉलोनी में पानी की आपूर्ति सामान्य हो जायेगी. महाप्रबंधक से मिलने वालों में प्रमुख रूप से सुमन चौहान, रेखा देवी, ममता देवी, पार्वती देवी, रेणु देवी, ममता, रिंकी देवी, सूरज चौहान, रमेश चौहान, सत्येंद्र चौहान, गोपाल साव, ओमप्रकाश चौहान, सूरज पासवान, राजा लोहार, उदय शर्मा और उपेंद्र नोनिया शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DINESH PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >