रांची पुलिस का बड़ा एक्शन: SSC परीक्षा का सिस्टम हैक करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 4 गिरफ्तार

SSC Exam Cheating: रांची के टाटीसिलवे में पुलिस ने SSC (GD/Constable) परीक्षा में कंप्यूटर सिस्टम हैक कर नकल कराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है. परीक्षा केंद्र के केंद्रधीक्षक और आईटी कर्मी सहित बिहार के 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो 6 से 10 लाख में रुपये सेटिंग कर रिमोट एक्सेस से पेपर हल करवा रहे थे. पूरी ग्राउंड रिपोर्ट यहां पढ़ें.

रांची से प्रणव की रिपोर्ट

SSC Exam Cheating Case, रांची: रांची में कर्मचारी चयन आयोग (SSC GD Constable) परीक्षा में कंप्यूटर सिस्टम को हैक कर बड़े पैमाने पर धांधली कराने वाले एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है. रांची पुलिस ने इस मामले में परीक्षा दे रहे एक अभ्यर्थी, परीक्षा केंद्र के इनविजिलेटर यानी वीक्षक, केंद्राधीक्षक और एक आईटी कर्मी सहित कुल चार लोगों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. यह पूरा खेल रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र स्थित ‘जीनियस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी’ परीक्षा केंद्र में चल रहा था, जहां बिहार के एक शातिर गिरोह द्वारा सिस्टम को रिमोट एक्सेस पर लेकर पेपर सॉल्व कराया जा रहा था.

इनविजिलेटर के कहने पर रिस्टार्ट हुआ कंप्यूटर, खुली पोल

दरअसल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रांची को 21 मई 2026 की सुबह सूचना मिली थी कि टाटीसिलवे के डोल बगीचा स्थित परीक्षा केंद्र में परीक्षा संचालन के दौरान कंप्यूटर सिस्टम को हैक करने का प्रयास किया जा रहा है. सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी के निर्देशन और वरीय पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 अमर कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में टाटीसिलवे थाना पुलिस की एक विशेष छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने जब परीक्षा केंद्र के पहले तल पर स्थित लैब-1 में औचक निरीक्षण किया, तो पाया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले इनविजिलेटर के कहने पर एक अभ्यर्थी ने अपने कंप्यूटर सिस्टम को री-स्टार्ट किया था, जो परीक्षा संचालन के नियमों के खिलाफ है. तकनीकी जांच में प्राथमिक रूप से यह बात सामने आई कि कंप्यूटर को इंटरनेट के जरिए रिमोट एक्सेस पर लिया गया था, ताकि स्क्रीन मिररिंग कर बाहर से प्रश्नपत्र हल कराया जा सके.

Also Read: झारखंड में 20 जून से वोटर लिस्ट सुधार का महाअभियान, गड़बड़ी करने वाले सीधे जाएंगे जेल

सड़क पार किराए के मकान में बना था सीक्रेट ‘हैकिंग हब’

पकड़े गए अभ्यर्थी और इनविजिलेटर से जब पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, तो उन्होंने पूरे रैकेट का खुलासा कर दिया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सड़क पार राजू मुंडा नामक व्यक्ति के घर पर छापेमारी की, जहां इस गिरोह ने अपना सीक्रेट कंट्रोल रूम बना रखा था. यहां इस परीक्षा केंद्र का केंद्राधीक्षक विकाश कुमार और आईटी कर्मी मुन्ना राज किराएदार बनकर रह रहे थे. ये दोनों वहां कंप्यूटर लगाकर परीक्षा केंद्र के सिस्टम को इंटरनेट और आईपी एड्रेस के माध्यम से हैक कर रहे थे और बाहर से ही अभ्यर्थियों के प्रश्नपत्र हल करवा रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने इन दोनों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया.

6 लाख से 10 रुपये लाख में डील

गहन पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह एक बड़ा संगठित गिरोह है, जो परीक्षा पास कराने के नाम पर बिचौलियों के जरिए सीधे परीक्षा केंद्र के संचालकों और कर्मियों से सांठगांठ करता था. इस काम के लिए प्रति छात्र 6 लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये तक की भारी रकम वसूली जाती थी. गिरफ्तार अभ्यर्थी ने पुलिस को बताया कि बिहार के एक दलाल के जरिए उसकी 6 लाख रुपये में सेटिंग हुई थी और गारंटी के तौर पर बिचौलिये ने अभ्यर्थी का मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र अपने पास गिरवी रख लिया था.

कंप्यूटर, मोबाइल और ओरिजिनल दस्तावेज बरामद

पुलिस ने इस छापेमारी के दौरान मौके से दो कंप्यूटर मॉनिटर, तीन सीपीयू, एक ब्रॉडबैंड वाईफाई डिवाइस, दो की-बोर्ड, दो माउस और तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इसके साथ ही गिरफ्तार अभ्यर्थी का एडमिट कार्ड, आधार कार्ड, पांच बैंक चेक और दो अन्य अभ्यर्थियों के मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र भी जब्त किए गए हैं. छापेमारी दल में थाना प्रभारी हंसे उरांव, पुअनि चुड़ामणि टुडू, संजय कुमार साव, अनिमानन्द रोशन टोप्पो सहित बलभद्र कुमार, अरुण कुमार और प्रवेश कुमार सिन्हा शामिल थे.

एंटी-पेपर लीक कानून सहित नए BNS के तहत FIR दर्ज

रांची पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए टाटीसिलवे थाना में काण्ड संख्या- 58/2026 दर्ज किया है. अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 (2) और हाल ही में प्रभावी हुए कड़े कानून ‘द पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट- 2024’ (The Public Examination Act-2024) की धारा 10/11 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. पुलिस इस गिरोह के अन्य सदस्यों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Also Read: रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलना प्रेमी को पड़ गया भारी, ग्रामीणों ने पकड़ के करा दी शादी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >