खेल से बच्चों में विकसित होती है टीम भावना : सीजीएम

उर्सुलाइन कान्वेंट स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

खलारी. उर्सुलाइन कान्वेंट स्कूल, खलारी में सोमवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीसीएल एनके एरिया के मुख्य महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता थे. वहीं विशिष्ट अतिथियों में जिला परिषद सदस्य सरस्वती देवी, यूकेएस कालेज की प्रोफेसर उमा कुमारी सिंह तथा विद्यालय मैनेजिंग कमेटी के सदस्य मुबारक खान उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक मार्च-पास्ट एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई. मुख्य अतिथि ने विद्यालय ध्वज फहरा कर वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया. अपने संबोधन में दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण सहभागिता होती है. खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करते हैं. उन्होंने विद्यार्थियों से खेलों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय, माता-पिता और अपने क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया. आयोजन में विद्यालय की स्पोर्ट्स कमेटी के सदस्य मिस अनिमा कांसीर, अंबुज कर्मकार, प्रभाकर शर्मा, आरती तिर्की एवं खेल शिक्षक रोहित खेस का विशेष योगदान रहा. मंच संचालन अलका राही, सानिया तिग्गा, राबर्ट मिंज के साथ कक्षा नौ की शुभ्रज्योति मुखर्जी एवं कक्षा दस की अर्पिता राज ने किया. फील्ड मार्शल के रूप में मिस अनिमा कांसीर की भूमिका सराहनीय रही. इसके अतिरिक्त शिक्षक विशाल शर्मा, विकास मिश्रा, शशिकुमार चौधरी एवं प्रेमा खलखो सहित अन्य शिक्षकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा. धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय की प्राचार्या डा सिस्टर निर्मला सैमुअल ने किया. कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी तथा अभिभावक उपस्थित थे.

संत उर्सुला हाउस ओवरऑल चैंपियन, प्रतीक व नैना बेस्ट एथलीट

प्रतियोगिता में ओवरआल चौंपियनशिप का खिताब संत उर्सुला हाउस ने जीता, जबकि संत जेवियर हाउस द्वितीय एवं संत एंजेला हाउस तृतीय स्थान पर रहे. कक्षा 10 के प्रतीक कुमार धान एवं कक्षा नौ की नैना कुमारी को बेस्ट एथलीट का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया. खेलकूद प्रतियोगिता के अंतर्गत बाल वाटिका, सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन किया गया. इनमें मेंढक दौड़, गुब्बारा दौड़, स्पून मार्बल रेस, थ्री लेग्ड रेस, 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, रिले रेस एवं रस्साकशी शामिल थी. अभिभावकों के लिए भी विशेष खेल का आयोजन किया गया. विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया.

उर्सुलाइन कान्वेंट स्कूल में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DINESH PANDEY

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >