रांची. रक्षाबंधन के मौके पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कलाई पर उनकी बहनों ने राखी बांधी. बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी और लंबे जीवन की कामना की. सीएम की चचेरी बहनों ने भी उन्हें राखी बांधी और उनके उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की.
मुख्यमंत्री ने बड़ी बहन का आशीर्वाद लिया और छोटी बहनों को स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने रक्षाबंधन और श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर झारखंडवासियों को बधाई दी. सीएम ने सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति और खुशहाल जीवन की कामना की. इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित अन्य परिजन मौजूद थे.
शिकारीपाड़ा से हर साल राखी बांधने आती हैं मति सोरेन
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के सीतासाल गांव से मति सोरेन भी रांची पहुंचीं और मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधा. मुख्यमंत्री ने बहन मति सोरेन को आशीर्वाद दिया और रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.
बताया गया कि मति सोरेन पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को राखी बांधती आ रही हैं. इस बार भी वह शिकारीपाड़ा से रांची पहुंचीं और मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी.
