रांची. सिंहमोड़ सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, हटिया इस वर्ष 34वां वर्ष मना रही है. इस बार यहां इंडोनेशियन शैली में श्रीराम मंदिर के प्रारूप पर भव्य पूजा पंडाल तैयार किया जा रहा है. पंडाल का निर्माण प्लाइवुड और थर्मोकोल से कोलकाता से आये कारीगर कर रहे हैं. पंडाल की ऊंचाई 60 फीट और चौड़ाई 35 फीट होगी. इसे भगवा और भूरे रंग में सजाया जायेगा.
पंडाल में भगवान गौतम बुद्ध समेत अन्य प्रतिमाएं और विभिन्न कलाकृतियां आकर्षण का केंद्र होंगी. बाहर देवी-देवताओं की आकृतियां बनायी जायेंगी, जबकि पंडाल के ऊपरी हिस्से में पारंपरिक चेहरे और मुखौटे, देवी-देवताओं तथा वादकों की आकृतियां देखने को मिलेंगी. प्रतिमा के ऊपर शीप से सजावट की जायेगी.
नौ बड़े विद्युत गेट होंगे आकर्षण का केंद्र
पूजा परिसर में नौ बड़े विद्युत गेट तैयार किये जायेंगे. प्रत्येक गेट की ऊंचाई 55 फीट और चौड़ाई 20 फीट होगी. इनमें अयोध्या के राम मंदिर, शिव परिवार, राम-लक्ष्मण-सीता, ब्रह्मा जी और एफिल टावर समेत अन्य आकृतियां बनायी जायेंगी. विद्युत सज्जा पर करीब 3.50 लाख रुपये और पंडाल निर्माण पर करीब 4.50 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है.
हजारीबाग की ताशा पार्टी बढ़ायेगी विसर्जन की शोभा
पंडाल का उद्घाटन षष्ठी की शाम सात बजे किया जायेगा. विजयादशमी के दिन भक्ति जागरण का आयोजन होगा. जमशेदपुर के कलाकार शाम सात बजे से भजनों की प्रस्तुति देंगे. वहीं, विसर्जन जुलूस में हजारीबाग की ताशा पार्टी आकर्षण का केंद्र होगी. प्रतिमा का विसर्जन 21 तारीख को किया जायेगा. समिति के अनुसार पूरे आयोजन पर करीब 14 लाख रुपये खर्च होंगे.
ये हैं समिति के पदाधिकारी
समिति के अध्यक्ष बीरेंद्र राय, सचिव लाल प्रमोद नाथ शाहदेव, सह सचिव रंजन चौहान, उपाध्यक्ष अनूप उरांव, प्रिंस कुमार, विशाल सिंह, नवीन सिंह और संजय गुप्ता हैं. कोषाध्यक्ष श्रीराम सिंह और सह कोषाध्यक्ष जैनेन्द्र कुमार हैं. संरक्षक मंडल में मंजुल केरकेट्टा, सबिता लिंडा, वासुदेव टोप्पो और बिनोद प्रकाश शामिल हैं. मंत्री के रूप में शशि ठाकुर, श्रीनाथ महतो, अमन सिंह, मिश्र सिंह और रंजीत चौधरी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
