रांची : श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा रांची द्वारा रविवार को 'सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान वर्ष-2026' के पहले चरण के तहत ग्राम हिसरी, पंचायत बाजपुर, जिला रांची में पौधरोपण सह वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत श्री अनिल कश्यप के प्लॉट पर मोहगनी, शीशम, सागवान, गम्हार, जामुन, अमरूद और कटहल सहित लगभग 50 पौधों के रोपण के साथ हुई.
ग्रामीणों के बीच हुई जागरूकता गोष्ठी
पौधरोपण के बाद ग्राम हिसरी के ग्रामीण बंधुओं के बीच एक लघु गोष्ठी का आयोजन किया गया. इस दौरान श्री सर्वेश्वरी समूह का संक्षिप्त परिचय देते हुए समूह द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गयी. साथ ही वृक्षों की कमी से हो रहे दुष्परिणामों और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए ग्रामीणों को वृक्षों की सुरक्षा और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया.
200 पौधे ग्रामीणों को किये गये वितरित
गोष्ठी के उपरांत ग्रामीण बंधुओं के बीच लगभग 200 पौधों का वितरण किया गया. इस प्रकार कार्यक्रम के दौरान कुल 250 पौधों का रोपण और वितरण किया गया.
इन लोगों का रहा विशेष सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री अनिल कश्यप, श्री अंकित कश्यप, श्री विक्रम तिवारी, श्री कृष्णा गोप, श्रीकांत तिवारी, श्री विनय तिवारी, श्री सजाद अंसारी और श्री पिंटू प्रजापति का विशेष सहयोग रहा. श्री सर्वेश्वरी समूह, शाखा रांची की ओर से श्री राधेश्याम सिंह, श्री विभूति शंकर सहाय, श्री हेमंत नाथ शाहदेव, श्री अभय सहाय, श्री नवल किशोर सिंह, श्री अरुण सिंह, श्री आशुतोष कुमार सहित लगभग 20 सदस्य कार्यक्रम में शामिल हुए.
