रांची. रिम्स में सरस्वती पूजा के आयोजन की अनुमति प्रबंधन ने विद्यार्थियों को कुछ शर्तों पर दी है. प्रबंधन ने विद्यार्थियों को 10 शर्तों का पालन करने का निर्देश दिया है. वहीं आयोजन की निगरानी के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है. आयोजन समिति को पूजा का अनुमानित खर्च, इको फ्रेंडली मूर्ति और उसके आकार की जानकारी देने का निर्देश दिया गया है. वहीं, मरीजों को परेशानी नहीं हो इसके लिए सुबह नौ से रात नौ बजे तक लाउडस्पीकर बजाने का समय निर्धारित किया गया है. इसके अलावा प्रसाद में क्या-क्या सामग्री होगी और कितनी मात्रा में होगी, इससे भी समिति अवगत करायेगी.
जबरन चंदा नहीं वसूले, रात नौ बजे के बाद लाउडस्पीकर रखें बंद
प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि पूजा के आयोजन के लिए किसी से जबरन चंदा नहीं लेना है. स्वेच्छा से जो राशि मिलेगी, उसे स्वीकार करना है. आयोजन सिर्फ पूजा के लिए होगा, सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए नहीं. इसके अलावा मूर्ति का विसर्जन किस रास्ते से की जायेगी, इसकी जानकारी भी देनी होगी. प्रबंधन ने यह भी निर्देश दिया है कि शराब या अन्य मादक पेय पदार्थ पूरी तरह से प्रतिबंधित है. शर्तों के उल्लंघन पर कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
