रांची: रांची विवि के स्नातकोत्तर गणित विभाग में पहली बार एमएससी सांख्यिकी और एमएससी डाटा साइंस की पढ़ाई शुरू की जा रही है. शैक्षणिक सत्र 2026-28 में नामांकन के लिए इच्छुक अभ्यर्थी चांसलर पोर्टल के माध्यम से 14 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
दोनों पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें निर्धारित
विभागाध्यक्ष डॉ अबरार अहमद ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों में 30-30 सीटें निर्धारित की गयी हैं. एमएससी सांख्यिकी में प्रवेश के लिए किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से बीए-बीएससी (ऑनर्स) सांख्यिकी अथवा स्नातक स्तर पर सांख्यिकी विषय के साथ किसी भी विषय में स्नातक की डिग्री आवश्यक है.
ये भी पढ़ें- JPSC-JSSC नियुक्ति परीक्षा में अनियमितता: आजसू ने छात्रों से टकराव के बजाय संवाद की मांग की
एमएससी सांख्यिकी में प्रवेश की योग्यता
वहीं, एमएससी डाटा साइंस में प्रवेश के लिए विज्ञान, गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, कंप्यूटर साइंस, बीसीए, सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं मशीन लर्निंग अथवा किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से इंजीनियरिंग की डिग्री जरूरी है. इसके अलावा अभ्यर्थी का प्लस टू स्तर पर गणित विषय का अध्ययन करना भी आवश्यक है.
एमएससी डाटा साइंस के लिए गणित अनिवार्य
डॉ आशीष कुमार झा ने बताया कि दोनों पाठ्यक्रमों को वर्तमान समय की शैक्षणिक और औद्योगिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सांख्यिकी और डाटा साइंस के क्षेत्र में उच्च शिक्षा के साथ रोजगार के बेहतर अवसर भी मिलेंगे.
