रांची से अमन तिवारी और ब्रजेंद्र पांडेय की रिपोर्ट
Theft: झारखंड की राजधानी रांची में रामनवमी के दिन चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है. सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के पंडरा ओपी अंतर्गत हेसल देवी मंडप रोड स्थित वेस्ट सरोवर नगर में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 15 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है.
पूजा में गया था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, घर के मालिक विजय कुमार साहू का परिवार रामनवमी पूजा के लिए अपने पैतृक गांव गुमला गया हुआ था. इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया. रात करीब 11 बजे पड़ोसी ने फोन कर घर का मुख्य दरवाजा टूटा होने की सूचना दी. इसके बाद परिवार रात 1 बजे घर पहुंचा, जहां अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए.
चार आलमारी की कर दी सफाई
जब परिवार घर पहुंचा तो देखा कि पूरे घर का सामान बिखरा पड़ा है. चोरों ने घर में रखी चार आलमारियों को तोड़ दिया था और उसमें रखे कीमती सामान को लेकर फरार हो गए. आलमारियों की जांच करने पर पता चला कि सोने-चांदी के आभूषण और नकदी गायब हैं, जिसकी कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है.
सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ
चोरों ने घर से दो सोने की चेन, दो जोड़ी सोने की बालियां, चार सोने की अंगूठियां, नाक और कान के गहने, चांदी के पायल, बिछिया और कड़ा समेत कई कीमती आभूषण चुरा लिए. इसके अलावा घर में रखी नगदी भी गायब मिली. इस घटना ने परिवार को गहरा झटका दिया है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
सीसीटीवी में कैद हुए तीन संदिग्ध
पीड़ित के पुत्र सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे में तीन संदिग्धों की तस्वीर कैद हुई है. यह घटना शाम करीब 6:20 बजे की है, जब तेज आंधी और बारिश हो रही थी. वीडियो में देखा गया कि तीन लोग घर में घुसे, जिनमें से दो नकाब पहने हुए थे, जबकि एक का चेहरा खुला हुआ था. पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रामनवमी पर राममय हुआ कराईकेला, अखाड़ों में अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पंडरा ओपी में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है. पंडरा ओपी प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें: Stone Pelting: रामनवमी की रात खूंटी के मुरहू में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव
