Ranchi PNG Connection, रांची (राजेश कुमार की रिपोर्ट): राजधानी रांची में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था एक बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है. एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग और डिलिवरी के लिए होने वाली परेशानियों से तंग आकर उपभोक्ता अब पाइप नेचुरल गैस (PNG) की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं. स्थिति यह है कि गेल (GAIL) द्वारा प्रतिदिन औसतन 100 नए कनेक्शन चालू किए जा रहे हैं. पिछले महज 50 दिनों के भीतर ही रांची में लगभग 5,100 नए घरों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू की जा चुकी है.
प्रतीक्षा सूची में 8,000 से अधिक उपभोक्ता
रांची में पीएनजी की मांग इस कदर बढ़ी है कि अब तक लगभग 22,500 कनेक्शन दिए जा चुके हैं, फिर भी 8,000 से अधिक लोग अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. कई इलाकों में रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन मकान मालिकों या किरायेदारों की अनुपस्थिति के कारण तकनीकी कार्य रुके हुए हैं. विभाग का लक्ष्य है कि आने वाले समय में प्रतीक्षा सूची को जल्द से जल्द खत्म कर सभी पंजीकृत उपभोक्ताओं को गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
Also Read: नाबालिग से दुष्कर्म मामले में आरोपी को 25 साल की सजा, अदालत ने सुनाया कड़ा फैसला
आधार से होगी जांच, सरेंडर करना होगा एलपीजी
प्रशासन ने अब स्पष्ट कर दिया है कि पीएनजी कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी सब्सिडी तत्काल प्रभाव से बंद कर दी गई है. आने वाले दिनों में इन उपभोक्ताओं को अपना एलपीजी कनेक्शन अनिवार्य रूप से सरेंडर करना होगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों या दोहरी गैस सुविधा का लाभ लेने वालों की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से की जाएगी. सरेंडर न करने की स्थिति में संबंधित उपभोक्ताओं पर विभागीय कार्रवाई भी की जा सकती है.
पीएनजी: सुरक्षित और झंझट मुक्त विकल्प
उपभोक्ताओं का पीएनजी की ओर झुकाव इसके अनगिनत फायदों के कारण है. सबसे बड़ी राहत सिलेंडर बुकिंग और उसकी डिलीवरी के इंतजार से मिली है. पीएनजी की आपूर्ति 24 घंटे और सातों दिन निर्बाध रहती है. इसमें एलपीजी की तरह गैस चोरी या कम वजन की आशंका नहीं रहती. साथ ही, यह सिलेंडर की तुलना में जगह की बचत करती है और इसका भुगतान भी खपत के आधार पर दो महीने में एक बार करना होता है. सुरक्षा के लिहाज से भी समय-समय पर गैस प्रेशर और लीकेज की जांच की सुविधा गेल द्वारा प्रदान की जाती है.
Also Read: घर से 10 कदम दूर थमी सांसे, पश्चिमी सिंहभूम में बिना हेलमेट बाइक सवार युवक की मौत
